- ईडब्ल्यूएस वर्ग के खिलाड़ियों को खेलों में आगे बढ़ाने की पहल
- 6 जुलाई से शुरू होगा निःशुल्क प्रशिक्षण, 1 जुलाई से होंगे चयन ट्रायल
- पहली बार क्रिकेट शामिल, 10 खेलों में 304 खिलाड़ियों का होगा चयन
कानपुर, 25 जून।
नगर निगम और कानपुर स्मार्ट सिटी के सहयोग से आर्यनगर स्थित द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) में आर्थिक रूप से कमजोर (ईडब्ल्यूएस) वर्ग के प्रतिभावान खिलाड़ियों के लिए संचालित “स्पोर्ट्स प्रमोशन स्कॉलरशिप/सब्सिडी योजना” के नौवें बैच का प्रशिक्षण 6 जुलाई से प्रारंभ होगा। इसके लिए चयन ट्रायल 1 जुलाई से आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष योजना में पहली बार क्रिकेट को शामिल किया गया है, जिसके तहत 44 खिलाड़ियों को निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। कुल 10 खेलों में 304 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
नगर निगम के अपर नगर आयुक्त-द्वितीय जगदीश यादव ने पत्रकार वार्ता में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘खेलो इंडिया’ की परिकल्पना के अनुरूप आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण खेल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी तथा आवेदनकर्ताओं के घरों का भौतिक सत्यापन कर वास्तविक जरूरतमंद खिलाड़ियों को योजना का लाभ दिया जाएगा। इसके लिए सात सदस्यीय कोऑर्डिनेशन कमेटी का गठन किया गया है।
कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रतिनिधि मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि टीएसएच में खिलाड़ियों को आधुनिक खेल अवसंरचना, फिटनेस मॉनिटरिंग, डाइट गाइडेंस और प्रोफेशनल कोचिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
ऑडी स्टेडिया कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राजीव गर्ग ने बताया कि पहली बार क्रिकेट को योजना में शामिल किए जाने से अधिक प्रतिभाओं को अवसर मिलेगा। क्रिकेट खिलाड़ियों का चयन एवं प्रशिक्षण उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) तथा उत्तर प्रदेश वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीवीसीए) के सहयोग से कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 15 जून से आवेदन पत्रों का वितरण शुरू हो चुका है तथा 26 जून आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि है। अब तक 265 आवेदन पत्र वितरित किए जा चुके हैं, जबकि 49 आवेदन प्राप्त हुए हैं। आवेदन पत्र नगर निगम के सभी छह जोनल कार्यालयों से उपलब्ध हैं। योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सरकारी विद्यालयों, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय समाचार पत्रों और नगर निगम के वेरिएबल मैसेज बोर्ड (वीएमबी) के माध्यम से किया जा रहा है।
टीएसएच में अब तक आठ बैचों में 2016 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इन खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में 3 स्वर्ण, 2 रजत और 4 कांस्य पदक तथा जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में 52 स्वर्ण, 41 रजत और 38 कांस्य पदक जीतकर कुल 140 पदक अपने नाम किए हैं। इस योजना से सब्जी विक्रेताओं, ठेला संचालकों, दैनिक श्रमिकों और निम्न आय वर्ग के परिवारों के बच्चों को खेलों में अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिला है।
पत्रकार वार्ता में उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव पाठक, उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव डॉ. देवेश दुबे, ट्रांस स्टेडिया के प्रतिनिधि पी.के. श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।