अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026: सेंट लॉरेंस स्कूल में योग दिवस पर विद्यार्थियों ने किया योग का प्रदर्शन

 

  • प्राचार्य फादर ओलविन मोरस ने नियमित योग अपनाने का दिया संदेश

 

कानपुर, 21 जून।

सेंट लॉरेंस स्कूल, पी.डी. नगर में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 का आयोजन बड़े उत्साह और उमंग के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए विभिन्न योगासन एवं योग क्रियाओं का प्रदर्शन किया।

योग से स्वस्थ और संतुलित जीवन संभव : फादर ओलविन मोरस

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य फादर ओलविन मोरस ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और प्रत्येक व्यक्ति को इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि प्रतिदिन केवल 30 मिनट भी नियमित रूप से योग किया जाए तो व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकता है। योग शरीर को संतुलित रखने के साथ-साथ जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।

विद्यार्थियों को बताए योग के लाभ

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के खेल प्रशिक्षक कपिल पांडेय एवं उत्कर्ष बाजपेयी ने किया। इस अवसर पर कपिल पांडेय ने विद्यार्थियों को योग के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि योग एक छात्र के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नियमित योगाभ्यास से एकाग्रता शक्ति बढ़ती है, मानसिक क्षमता मजबूत होती है तथा शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली भी सुदृढ़ होती है।

नियमित योगाभ्यास का लिया संकल्प

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न योगासनों का अभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। अंत में सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को अपने दैनिक जीवन में योग को नियमित रूप से अपनाने के लिए प्रेरित किया गया तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन जीने का संकल्प दिलाया गया।

 

Leave a Comment