- एचबीटीयू में योग की गूंज, कुलपति ने विद्यार्थियों को किया सम्मानित
- “Yoga for Healthy Ageing” थीम पर आयोजित हुए विविध कार्यक्रम
कानपुर, 21 जून।
हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय (एचबीटीयू) में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित योग सप्ताह का भव्य समापन उत्साह, अनुशासन और गरिमामय वातावरण के बीच हुआ। विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कुलपति ने योग को बताया भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर
मुख्य समारोह का शुभारंभ कुलपति प्रो. समशेर ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जो स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का आधार प्रदान करती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों से नियमित योगाभ्यास को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

योग के वैज्ञानिक और चिकित्सीय महत्व पर हुआ मंथन
वरिष्ठ योगाचार्य डॉ. रविंद्र पोरवाल ने योग के वैज्ञानिक, व्यावहारिक एवं चिकित्सीय पक्षों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास का प्रभावी माध्यम है। वर्तमान जीवनशैली में तनावमुक्त एवं स्वस्थ रहने के लिए योग अत्यंत आवश्यक है।
स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग का संदेश
कार्यक्रम के संयोजक एवं डिप्टी सेक्रेटरी डॉ. विकास यादव ने वर्ष 2026 की थीम “Yoga for Healthy Ageing” पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को बढ़ती उम्र में भी स्वस्थ, सक्रिय और ऊर्जावान बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
योगगुरु विपिन पथिक ने कराया सामूहिक योगाभ्यास
मुख्य कार्यक्रम के दौरान योगगुरु आचार्य विपिन पथिक ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम, योग निद्रा और ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने के उपाय भी बताए।
बिठूर से गंगा तट तक चला जनजागरूकता अभियान
योग सप्ताह के अंतर्गत 15 से 20 जून तक विश्वविद्यालय द्वारा बिठूर, वृद्धाश्रम, गोद लिए गए लुधवा खेड़ा गांव, विभिन्न पार्कों तथा अटल घाट गंगा तट पर योग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में सैकड़ों लोगों को योग, प्राणायाम एवं स्वस्थ जीवनशैली के लाभों से अवगत कराया गया।
उत्कृष्ट विद्यार्थियों को मिला सम्मान
समापन समारोह में योग सप्ताह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को कुलपति प्रो. समशेर द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में रजिस्ट्रार अमित कुमार राठौर, डॉ. सी.एल. गहलोत, डॉ. शिवम श्रीवास्तव, डॉ. अलख कुमार, प्रो. प्रवीन कुमार सिंह, प्रो. वंदना, प्रो. विनोद, प्रो. अनीता, डॉ. दान बहादुर पाल, डॉ. अभिषेक, प्रो. जी.एल. देवनानी, प्रो. अनुराग सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
स्वस्थ भारत निर्माण का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने तथा स्वस्थ, जागरूक और सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।