केसीसीएल सीजन-1 में कानपुर जेम्स का दबदबा, बैंकिंग ब्लास्टर्स को 95 रन से रौंदा

 

 

 

  • मोहम्मद तल्हा और हसीन अहमद की तूफानी बल्लेबाजी, गेंदबाजों ने भी दिखाया दम
  • 211 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर काउनपोर जेम्स ने दर्ज की बड़ी जीत

 

कानपुर, 19 जून।

केसीसीएल (Kanpur Corporate Cricket League) सीजन-1 के अंतर्गत जीईएम ग्राउंड पर खेले गए लीग मुकाबले में कानपुर जेम्स ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए बैंकिंग ब्लास्टर्स को 95 रनों के बड़े अंतर से पराजित कर प्रतियोगिता में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कानपुर जेम्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 211 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शुरुआती विकेट जल्दी गिर गए, लेकिन इसके बाद हसीन अहमद और मोहम्मद तल्हा ने आक्रामक बल्लेबाजी कर मैच का रुख बदल दिया।

तल्हा की आतिशी पारी ने बदला मैच का रंग

मोहम्मद तल्हा ने मात्र 35 गेंदों में 82 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 8 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 234.29 रहा। वहीं हसीन अहमद ने 25 गेंदों पर 51 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। गोलू सिंह ने 23 तथा हाशमत हुसैन ने 18 रनों का योगदान दिया।

बैंकिंग ब्लास्टर्स की ओर से अंकुश चौहान ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि शादाब, अब्दुल हमरज, मयंक शर्मा और अभिषेक यादव को एक-एक सफलता मिली।

211 रन के दबाव में बिखरी बैंकिंग ब्लास्टर्स की बल्लेबाजी

212 रनों के कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी बैंकिंग ब्लास्टर्स की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और पूरी टीम 17.3 ओवर में 116 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

टीम की ओर से अतुल वर्मा ने सर्वाधिक 32 रन बनाए, जबकि कोको क्लार्क ने 17, सौरव पाठक ने 15 और आशीष कुशवाहा ने 12 रन जोड़े। कोई भी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सका।

गेंदबाजों ने किया शानदार प्रदर्शन

कानपुर जेम्स के गेंदबाजों ने अनुशासित गेंदबाजी करते हुए विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। हसीन अहमद और मोहम्मद तल्हा ने 2-2 विकेट प्राप्त किए। इसके अलावा शानू यादव, नदीम नजीर, जामीरुद्दीन, मोहम्मद साकिब, मोहम्मद आकिब और माडे रहमान ने एक-एक विकेट लेकर जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ऑलराउंड प्रदर्शन से चमकी कानपुर जेम्स

बल्लेबाजों के आक्रामक तेवर और गेंदबाजों की सटीक रणनीति के दम पर कानपुर जेम्स ने मुकाबले में पूरी तरह वर्चस्व कायम रखा। 95 रनों की यह जीत टीम के आत्मविश्वास को और मजबूत करने वाली साबित हुई।

Leave a Comment