- सीसीएल टी-20 फाइनल में पटेल प्रॉपर्टीज को 60 रन से हराकर खिताब पर किया कब्जा
कानपुर, 6 जून।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित सीसीएल टी-20 प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में जीटीवी वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पटेल प्रॉपर्टीज को 60 रन से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। सप्रू मैदान पर खेले गए दिन-रात्रि फाइनल में अब्दुल रहमान के अर्धशतक और डॉ. अभिषेक चौहान की घातक गेंदबाजी ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

पहले बल्लेबाजी करते हुए जीटीवी वॉरियर्स ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 156 रन बनाए। अब्दुल रहमान ने शानदार 50 रन की पारी खेली, जबकि गौरव प्रताप सिंह 23 रन बनाकर नाबाद लौटे। पटेल प्रॉपर्टीज की ओर से सुशील राय ने 3 विकेट और विकास भारती ने 1 विकेट हासिल किया।
157 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पटेल प्रॉपर्टीज की टीम 14.1 ओवर में 96 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से मनिंदर सिंह ने सर्वाधिक 41 रन बनाए। जीटीवी वॉरियर्स के लिए डॉ. अभिषेक चौहान ने मात्र 12 रन देकर 5 विकेट झटके, जबकि डॉ. चेतन सिंह ने 1 विकेट प्राप्त किया।
मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पूर्व रणजी खिलाड़ी राहुल सप्रू ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की। पूर्व रणजी खिलाड़ी संदीप पांडे ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार दिए।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में मनिंदर सिंह (पटेल प्रॉपर्टीज) को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, राम सिंह (पटेल प्रॉपर्टीज) को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज तथा अब्दुल रहमान (जीटीवी वॉरियर्स) को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए डॉ. अभिषेक चौहान को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया।
समारोह में पीके मिश्रा (सचिव, उन्नाव क्रिकेट एसोसिएशन), सीए उपाध्यक्ष संजय तिवारी, सचिव कौशल कुमार सिंह, पी.एस. नेगी, डॉ. दीपक श्रीवास्तव, सौरभ कपूर, आयुष अग्रवाल, ऋषभ डोनवाल एवं अजीत सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मंच संचालन दिनेश कटियार ने किया।