- अंडर-12 क्रिकेट लीग 2026 में शानदार प्रदर्शन, कार्तिक शुक्ला और विष्णु पांडेय रहे आकर्षण का केंद्र
- मैपलवुड-11 ने बनाए 167 रन, सिग्मा-11 ने 22.5 ओवर में हासिल किया लक्ष्य
कानपुर, 4 जून।
14वीं जेएनटी अंडर-12 क्रिकेट लीग 2026 के पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सिग्मा-11 ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मैपलवुड-11 को आठ विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। मुकाबला कानपुर साउथ ग्राउंड पर खेला गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मैपलवुड-11 ने 25 ओवर में 8 विकेट पर 167 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान कार्तिक शुक्ला ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों पर 70 रन की शानदार पारी खेली। नमन भारद्वाज ने 43 और श्रेयांश गुप्ता ने 18 रन का योगदान दिया। सिग्मा-11 की ओर से शुभम कुमार और रूपेश ने एक-एक विकेट हासिल किया।
168 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिग्मा-11 की शुरुआत मजबूत रही। आदित्य यादव ने 45 रन बनाए, जबकि विष्णु पांडेय ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 69 गेंदों पर नाबाद 73 रन जड़ दिए। कृष्णा यादव 20 रन बनाकर नाबाद लौटे। सिग्मा-11 ने 22.5 ओवर में मात्र दो विकेट खोकर 168 रन बनाते हुए मुकाबला आठ विकेट से जीत लिया।
मैपलवुड-11 की ओर से नयन सिंह और आयुष यादव को एक-एक विकेट मिला। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए सिग्मा-11 के विष्णु पांडेय को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।