- कुश यादव और विशेष तिवारी ने अपने दमदार प्रदर्शन से दिलाई टीम को जीत
कानपुर, 27 मई।
14वीं जे० एन० टी० अण्डर-12 क्रिकेट प्रतियोगिता में मंगलवार को खेले गए मुकाबलों में डी० के० जी० इंटरनेशनल एकादश और बालमोल टीम ने शानदार जीत दर्ज की।
कानपुर साऊथ ‘ए’ मैदान पर खेले गए मुकाबले में डी० के० जी० इंटरनेशनल एकादश ने ओलिव ब्राउन एकादश को 54 रनों से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डी० के० जी० ने निर्धारित 25 ओवरों में 3 विकेट पर 226 रन बनाए। टीम की ओर से कुश यादव ने 77 गेंदों में 95 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 12 चौके और एक छक्का शामिल रहा। वहीं कविश शुक्ला ने 83 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। जवाब में ओलिव ब्राउन की टीम 25 ओवरों में 5 विकेट पर 172 रन ही बना सकी। अर्जुन सिंह ने 71 और देवांश त्रिपाठी ने 31 रन बनाए। डी० के० जी० की ओर से अभिमन्यु सिंह ने 3 विकेट हासिल किए।
वहीं कानपुर साऊथ ‘बी’ मैदान पर खेले गए दूसरे मैच में बालमोल ने मैपलवुड को 4 विकेट से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मैपलवुड की टीम 127 रन पर सिमट गई। नमन भरद्वाज ने 38 रन बनाए। बालमोल की ओर से विशेष तिवारी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 13 रन देकर 5 विकेट झटके। जवाब में बालमोल ने शिवाय की जिम्मेदारी भरी 60 रनों की पारी की बदौलत लक्ष्य हासिल कर लिया।
मैच के बाद डी० के० जी० के कुश यादव और बालमोल के विशेष तिवारी को श्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार अवधेश त्रिपाठी सभासद द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर के० सी० के० अध्यक्ष एस० एन० सिंह, सचिव कौशल किशोर सिंह और सह सचिव पी० एस० नेगी उपस्थित रहे।