- शानदार खेल से सुपर स्ट्राइकर को 3-0 से हराया, फाइनल में दो गोल दागकर सतेंद्र बने मैन ऑफ द मैच
- आजाद पार्क में 21 मई से चल रहा था 7 ‘ए’ साइड रात्रिकालीन फुटबॉल टूर्नामेंट
कानपुर, 27 मई।
कैंटोनमेंट फुटबॉल क्लब के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में कैंटोनमेंट फुटबॉल क्लब एवं डेकाथलन (स्पोर्ट्स पार्टनर) द्वारा आजाद पार्क में आयोजित 7 ‘ए’ साइड रात्रिकालीन फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन रोमांचक मुकाबलों के साथ हो गया। फाइनल मुकाबले में कैंटोनमेंट फुटबॉल क्लब ने सुपर स्ट्राइकर को 3-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले सतेंद्र यादव को “मैन ऑफ द मैच” चुना गया।

पहले सेमीफाइनल में कैंटोनमेंट का दबदबा
पहले सेमीफाइनल मुकाबले में कैंटोनमेंट फुटबॉल क्लब ने उन्नाव स्टेडियम को 4-0 से एकतरफा अंदाज में हराया। मैच की शुरुआत से ही कैंटोनमेंट ने आक्रामक खेल दिखाया। छठे मिनट में प्रथम सिंह ने पहला गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद अरीब और सतेंद्र यादव के बेहतरीन तालमेल से 15वें मिनट में दूसरा गोल हुआ। दूसरे हाफ में प्रथम सिंह ने एक और गोल किया, जबकि अंत में कबीर के शानदार शॉट ने टीम की जीत पक्की कर दी।
आदर्श यादव ने सुपर स्ट्राइकर को पहुंचाया फाइनल में
दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला सुपर स्ट्राइकर और यूनिवर्सिटी फुटबॉल क्लब के बीच बेहद रोमांचक रहा। मैच के 19वें मिनट में आदर्श यादव ने हेडर के जरिए गोल कर सुपर स्ट्राइकर को बढ़त दिलाई। हालांकि दूसरे हाफ में यूनिवर्सिटी एफसी ने बराबरी कर ली, लेकिन मैच के 39वें मिनट में मिली फ्री किक पर आदर्श यादव ने शानदार डायरेक्ट गोल कर अपनी टीम को 2-1 से जीत दिलाकर फाइनल में पहुंचा दिया।
सतेंद्र यादव के खेल के दीवाने हुए दर्शक
फाइनल मुकाबले में कैंटोनमेंट फुटबॉल क्लब ने शुरू से ही मैच पर पकड़ बनाए रखी। अंडर-17 इंडिया टीम और उत्तर प्रदेश की ओर से संतोष ट्रॉफी खेल चुके सतेंद्र यादव ने अपने शानदार खेल से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मैच के 9वें मिनट में उन्होंने 20 गज की दूरी से शानदार गोल दागा। इसके बाद 20वें मिनट में अकेले कई खिलाड़ियों को छकाते हुए दूसरा गोल कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। दूसरे हाफ में समीर ने तीसरा गोल कर जीत सुनिश्चित कर दी।
खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर किया गया सम्मानित
टूर्नामेंट के समापन पर विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी एवं कैश प्राइज प्रदान किए गए। इसके अलावा व्यक्तिगत पुरस्कार भी वितरित किए गए।
पुरस्कार विजेता खिलाड़ी :
विजेता टीम : कैंटोनमेंट फुटबॉल क्लब
रनरअप : सुपर स्ट्राइकर
मैन ऑफ द मैच : सतेंद्र यादव
बेस्ट स्कोरर : प्रथम सिंह (9 गोल)
इमर्जिंग प्लेयर (अंडर-12) : हमज़ा आसिफ
इमर्जिंग प्लेयर (अंडर-16) : ज़ोहाद अख्तर
बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट : मो. अरीब
बेस्ट गोलकीपर : शुभांकित शुक्ला
पारितोषिक वितरण समारोह में पूर्व विधायक सुहैल अंसारी, टूर्नामेंट आयोजक अमित नारंग और आसिफ इकबाल मौजूद रहे। इस अवसर पर वसिक, शानू, अतीक, शरद, रवि, अमित, जावेद, राशिद, सौरभ, सफवान, गोलू, अरशद, एमएम खान, शाहबाज़ समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।