- कैंटोनमेंट क्लब के शताब्दी वर्ष पर आयोजित 7 ए साइड रात्रिकालीन फुटबॉल टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबले
- मो. अरीब ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, आज खेले जाएंगे चार क्वार्टर फाइनल मुकाबले
कानपुर, 25 मई।
कैंटोनमेंट फुटबॉल क्लब के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में कैंटोनमेंट क्लब द्वारा आयोजित 7 ‘ए’ साइड रात्रिकालीन फुटबॉल टूर्नामेंट में रविवार को खेले गए प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। दिन के सबसे चर्चित मुकाबले में कैंटोनमेंट फुटबॉल क्लब ने स्काई एफसी को एकतरफा अंदाज में 7-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में धमाकेदार एंट्री की। इस मुकाबले के हीरो रहे प्रथम सिंह, जिन्होंने शानदार हैट्रिक जमाई।
पहला मुकाबला बीपीएल यूनाइटेड और कैंट स्पोर्टिंग के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शुरुआत से ही आक्रामक लेकिन संतुलित खेल दिखाया। पहले हॉफ में दोनों टीमें गोल करने में असफल रहीं, लेकिन दूसरे हॉफ में खेल तेज हो गया। कैंट स्पोर्टिंग के शादाब ने लगभग 30 गज दूरी से शानदार शॉट लगाकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके तुरंत बाद बीपीएल यूनाइटेड के सात्विक ने बेहतरीन गोल कर मैच 1-1 से बराबर कर दिया। मुकाबले के अंतिम क्षणों में मोहम्मद को रिबाउंड बॉल मिली, जिसे उन्होंने शानदार तरीके से गोल में बदलते हुए कैंट स्पोर्टिंग को 2-1 से जीत दिला दी।
दूसरे मुकाबले में मैचलेस एफसी ने एचएएल पर शुरू से दबाव बनाए रखा। पहले हॉफ के अंतिम पांच मिनट में जोहेब ने कॉर्नर किक पर शानदार हेडर लगाकर टीम को बढ़त दिलाई। दूसरे हॉफ में कैफ ने दूसरा गोल दागकर मैचलेस एफसी की जीत लगभग तय कर दी। अंत तक स्कोर 2-0 रहा और मैचलेस एफसी ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।
दिन का सबसे रोमांचक और एकतरफा मुकाबला कैंटोनमेंट फुटबॉल क्लब और स्काई एफसी के बीच खेला गया। कैंटोनमेंट की टीम ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। प्रथम सिंह ने 11वें, 16वें और 25वें मिनट में लगातार तीन गोल दागकर पहले हॉफ में ही हैट्रिक पूरी कर ली। दूसरे हॉफ में सागरदीप ने शानदार हॉफ-वॉली के जरिए गोल किया। इसके तुरंत बाद प्रथम सिंह ने 25 गज दूरी से शानदार फ्री-किक गोल में बदलकर अपनी टीम को 5-0 की बढ़त दिला दी। मैच के अंतिम क्षणों में कबीर ने लगातार दो गोल कर स्कोर 7-0 कर दिया। पूरे मुकाबले में स्काई एफसी संघर्ष करती नजर आई।
लगातार दो बार संतोष ट्रॉफी खेल चुके खिलाड़ी मोहम्मद अरीब ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और फुटबॉल की बारीकियों के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर अमित नारंग, आसिफ इकबाल, फिरोज अहमद, वसीक अब्बासी, जावेद, शरद जायसवाल, अतीक, रवि कुमार, रशीद अहमद, आनंद शर्मा, जावेद शेख, अमित कुमार, गोलू और अरशद सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
आज के क्वार्टर फाइनल मुकाबले
उन्नाव स्टेडियम vs मैचलेस एफसी
अमापुर vs यूनिवर्सिटी एफसी
कैंटोनमेंट एफसी vs ग्रीनपार्क एफसी
कैंट स्पोर्टिंग vs सुपर स्ट्राइकर