सेमीफाइनल में हरियाणा को हराकर उत्तर प्रदेश की फाइनल में धमाकेदार एंट्री

 

  • पैरा डिसेबिलिटी क्रिकेट चैंपियनशिप में यूपी टीम का शानदार प्रदर्शन, अब मुंबई से होगी खिताबी भिड़ंत
  • कुमार राहुल बने जीत के हीरो, ऑलराउंड प्रदर्शन से दिलाई यादगार जीत

 

कानपुर/लखनऊ, 23 मई।

उत्तर प्रदेश पैरा डिसेबिलिटी क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल मुकाबले में हरियाणा को 4 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब खिताबी मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम का सामना मुंबई से होगा। टीम की इस जीत से खिलाड़ियों और समर्थकों में उत्साह का माहौल है।

सेमीफाइनल मुकाबले में हरियाणा पीडी (HDCA) की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16.4 ओवर में 98 रन बनाए। जवाब में उत्तर प्रदेश पीडी (UPDACA) की टीम ने संयमित बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 17 ओवर में 6 विकेट खोकर 99 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

मैच में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी कुमार राहुल ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने 30 गेंदों पर नाबाद 28 रन बनाए, जिसमें 4 चौके शामिल रहे। इसके साथ ही गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए 4 ओवर में 20 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

टीम के खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासित खेल और मजबूत टीम भावना का परिचय दिया है। लगातार शानदार प्रदर्शन के बाद अब उत्तर प्रदेश की नजरें फाइनल मुकाबले में मुंबई को हराकर चैंपियन बनने पर टिकी हैं।

कल होने वाले फाइनल मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह है। टीम प्रबंधन और खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि उत्तर प्रदेश की टीम शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम करेगी।

Leave a Comment