- 25 मई से शुरू होगा स्पेशल ओलंपिक भारत उत्तर प्रदेश का खेल प्रशिक्षण शिविर
- फुटबॉल, क्रिकेट, हैंडबॉल समेत कई खेलों का मिलेगा प्रशिक्षण, एक्वा पूल थेरेपी भी होगी शामिल
कानपुर, 23 मई:
विशेष बच्चों की खेल प्रतिभा को नई पहचान देने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से स्पेशल ओलंपिक भारत उत्तर प्रदेश की ओर से प्रेरणा स्पेशल स्कूल, कैंट कानपुर में 25 मई 2026 से निःशुल्क समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप विशेष बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया जाएगा।
समर कैंप का संचालन स्पेशल ओलंपिक भारत उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष श्री मुकेश शुक्ला एवं एरिया स्पोर्ट्स डायरेक्टर श्री संजीव दोहरे के मार्गदर्शन में किया जाएगा। वहीं कैंप का आयोजन मुख्य अधिशासी अधिकारी श्री स्टीफन पी.डी. के निर्देशानुसार किया जा रहा है।
कैंप में विशेष बच्चों को फुटबॉल, क्रिकेट, हैंडबॉल, एथलेटिक्स, स्केटिंग एवं एक्वा पूल थेरेपी का प्रशिक्षण अनुभवी एवं कुशल प्रशिक्षकों द्वारा पूरी तरह निःशुल्क दिया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर विशेष बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उनकी खेल प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं।
स्पेशल ओलंपिक भारत उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित यह पहल सामाजिक समावेशन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। संस्था का उद्देश्य विशेष खिलाड़ियों को खेलों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के अवसर उपलब्ध कराना है।
आयोजकों ने इच्छुक विशेष खिलाड़ियों एवं अभिभावकों से अधिक से अधिक संख्या में कैंप से जुड़ने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए कोच सतेन्द्र सिंह यादव (8090333726) तथा प्रधानाचार्या डॉ. शिखा अग्रवाल (8840175860) से संपर्क किया जा सकता है।