- मुंबई को 7 विकेट से हराकर उत्तर प्रदेश ने दर्ज की शानदार जीत
- चिंटू चौधरी की तूफानी बल्लेबाजी ने पलटा मैच का रुख
- 197 रन का विशाल लक्ष्य 19.3 ओवर में हासिल कर यूपी ने दिखाई ताकत
कानपुर/बेंगलुरु, 21 मई।
5वीं एलीट नेशनल फिजिकल डिसेबिलिटी टी-20 क्रिकेट चैंपियनशिप-2026 में उत्तर प्रदेश डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट एसोसिएशन (UPDACA) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई को 7 विकेट से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। बेंगलुरु में खेले गए इस हाईस्कोरिंग मुकाबले में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने आत्मविश्वास, आक्रामक बल्लेबाजी और बेहतरीन टीम भावना का शानदार परिचय दिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 191 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। मुंबई के बल्लेबाजों ने तेज शुरुआत करते हुए यूपी के गेंदबाजों पर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन उत्तर प्रदेश की टीम ने संयम बनाए रखा और मुकाबले में वापसी की तैयारी की।
192 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तर प्रदेश की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर अपनाए। टीम ने 19.3 ओवर में मात्र 3 विकेट खोकर 197 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के सबसे बड़े नायक रहे चिंटू चौधरी, जिन्होंने मात्र 21 गेंदों पर नाबाद 65 रन की विस्फोटक पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने 8 शानदार छक्के और 2 चौके लगाए। उनकी इस तूफानी बल्लेबाजी ने मैच का पूरा रुख बदल दिया और मुंबई की टीम पूरी तरह दबाव में आ गई।
चिंटू चौधरी को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्होंने बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी में भी योगदान दिया और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। यूपी टीम के खिलाड़ियों का उत्साह और मैदान पर उनका जुझारूपन दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।