- फाइनल में साउथ जिमखाना को 33 रन से हराकर जीता प्रथम केवला देवी स्मारक टी-20 खिताब
कानपुर, 9 मई।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन से आबद्ध एवं नेशनल यूथ क्लब द्वारा आयोजित प्रथम केवला देवी स्मारक टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत राष्ट्रीय क्रिकेट मैदान पर खेले गए फाइनल मुकाबले में राइडर्स क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए साउथ जिमखाना को 33 रनों से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए राइडर्स क्लब की टीम ने 19.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 163 रन बनाए। टीम की ओर से लविश श्रीवास्तव ने 42 रन, अमन सिंह ठाकुर ने 34 रन तथा अभय प्रताप सिंह ने 23 रन का योगदान दिया। साउथ जिमखाना की ओर से आदित्य मौर्य ने 27 रन देकर 4 विकेट तथा दिव्यांशु प्रताप ने 29 रन देकर 2 विकेट प्राप्त किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ जिमखाना की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 130 रन ही बना सकी। टीम की ओर से अर्पित अवस्थी ने 30 रन बनाए। राइडर्स क्लब की तरफ से आदित्य सिंह ने मात्र 6 रन देकर 3 विकेट तथा देवांश तिवारी ने 28 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
इस शानदार जीत के साथ राइडर्स क्लब ने प्रतियोगिता का खिताब जीतने का गौरव प्राप्त किया। आदित्य सिंह को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए “मैन ऑफ द मैच” चुना गया।
फाइनल मुकाबले के उपरांत मुख्य अतिथि डॉ. संजय कपूर ने विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार राहुल यादव, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार आदित्य कुमार सिंह तथा प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार अभिनव यादव को प्रदान किया गया।
इस अवसर पर कौशल कुमार सिंह, पी.एस. नेगी, सौरभ कपूर एवं तरुण कपूर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।