कानपुर की बेटियों ने ताइक्वांडो चैंपियनशिप में गाड़े झंडे

 

 

 

  • ‘द हब स्पोर्ट्स’ में पदकों की बौछार, खिलाड़ियों ने बढ़ाया शहर का मान

 

कानपुर, 8 मई।

पालिका स्टेडियम स्थित ‘द हब स्पोर्ट्स’ में आयोजित 5वीं उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो चैंपियनशिप (1 से 3 मई 2026) में कानपुर ताइक्वांडो वेलफेयर एसोसिएशन के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर शहर का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में कानपुर की बेटियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए।

सब-जूनियर वर्ग में अनन्या मिश्रा ने अंडर-24 किग्रा वर्ग में बेहतरीन तकनीक और आत्मविश्वास के साथ स्वर्ण पदक जीतकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं शैली ने 26 किग्रा वर्ग और नव्या साहू ने 32 किग्रा वर्ग में शानदार मुकाबले खेलते हुए रजत पदक हासिल किए। खिलाड़ियों के प्रदर्शन से दर्शकों और प्रशिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

सीनियर पूमसे (Poomsae) वर्ग में भी कानपुर के खिलाड़ियों का दबदबा कायम रहा। फ्री-स्टाइल टीम इवेंट में ऋषिका शर्मा, वेदांत सिंह, शिवांश गिरी, आरवी शुक्ला और गौरव की टीम ने शानदार तालमेल और कौशल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में आरवी शुक्ला ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया, जबकि ऋषिका शर्मा ने रजत पदक हासिल किया। सीनियर इंडिविजुअल पूमसे वर्ग में आर्यन सक्सेना ने कांस्य पदक जीतकर कानपुर को एक और उपलब्धि दिलाई।

खिलाड़ियों की इस सफलता पर एसोसिएशन के प्रेसिडेंट नीरज सिंह, सेक्रेटरी मनीष शर्मा, कोषाध्यक्ष महेंद्र कुमार और एक्टिंग सेक्रेटरी शैलेंद्र खरे ने खुशी जताई। वहीं सदस्य दिव्या बाजपेई, विकास कुमार, मानसी शुक्ला, राखी सक्सेना, अमित सक्सेना, चंद्र मोहन और स्वर्णिम निषाद ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Comment