- दो दिवसीय प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम, खेल भावना का शानदार प्रदर्शन
- बालक वर्ग में अक्षत यादव और बालिका वर्ग में प्रियंजली सिंह ने जीता खिताब
- 22-23 अप्रैल को आयोजित टूर्नामेंट में विभिन्न कक्षाओं के छात्रों ने लिया भाग
कानपुर, 23 अप्रैल।
जुगल देवी सरस्वती विद्या मंदिर, दीनदयाल नगर में 22 से 23 अप्रैल 2026 तक आयोजित प्रथम “मां जुगल देवी मेमोरियल इंट्राम्यूरल बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026” का समापन समारोह उत्साह और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता का समापन प्रधानाचार्या डॉ. गीता सिंह एवं आयोजन सचिव कमलेश यादव द्वारा किया गया।

विद्यालय परिसर में आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया, जिससे पूरे परिसर में खेल के प्रति उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।

प्रतियोगिता में बालक वर्ग में अक्षत यादव और बालिका वर्ग में प्रियंजली सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, टीमवर्क, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का विकास करना रहा।
समापन समारोह में प्रधानाचार्या डॉ. गीता सिंह ने कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में भी खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
अंत में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र, मेडल एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार, खेल शिक्षक एवं सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।