- प्रेरणा स्पेशल स्कूल, कैंट कानपुर में आयोजित ट्रायल में कई जिलों के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
कानपुर, 15 मार्च।
स्वीडन में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित गोटिया कप फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाली उत्तर प्रदेश की स्पेशल फुटबॉल टीम के चयन हेतु ट्रायल का आयोजन रविवार, 15 मार्च 2026 को प्रेरणा स्पेशल स्कूल, कैंट कानपुर के प्रांगण में किया जा रहा है।
इस चयन प्रक्रिया में प्रदेश के विभिन्न जिलों जैसे इटावा, वाराणसी, गाजियाबाद और लखनऊ सहित अन्य जनपदों से आने वाले स्पेशल खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य प्रतिभाशाली दिव्यांग खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करना है।
यह चयन कार्यक्रम स्पेशल ओलंपिक भारत, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। स्पेशल ओलंपिक भारत उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष श्री मुकेश शुक्ला तथा स्पोर्ट्स एरिया डायरेक्टर श्री संजीव दोहरे के निर्देशानुसार यह ट्रायल आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन संयुक्त निदेशक खेल एवं प्रशिक्षण श्री मनोज सिंह के नेतृत्व में किया जाएगा, जिसमें चयन समिति द्वारा खिलाड़ियों के कौशल, फिटनेस और प्रदर्शन के आधार पर टीम का चयन किया जाएगा।
इस अवसर पर आयोजकों ने कहा कि गोटिया कप विश्व का प्रतिष्ठित युवा फुटबॉल टूर्नामेंट है और इसमें भाग लेना खिलाड़ियों के लिए गौरव का विषय है। उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी इस मंच पर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।