- अशोक मिश्रा (बापू) स्मारक क्रिकेट प्रतियोगिता
- मनीष वर्मा और अंकुल जैन की शानदार बल्लेबाजी, एम०यू०सी० क्लब को 128 रनों से हराया
कानपुर 12 मार्च।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन से आबद्ध एवं अमर क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित ‘अशोक मिश्रा (बापू) स्मारक क्रिकेट प्रतियोगिता’ में आज राष्ट्रीय मैदान पर खेले गए मैच में रोलैण्ड क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एम०यू०सी० क्लब को 128 रनों से पराजित कर प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश कर लिया।
रोलैण्ड क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 35 ओवरों में 6 विकेट पर 270 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से मनीष वर्मा (59) और अंकुल जैन (57) ने बेहतरीन अर्धशतक लगाए, जबकि आकाश वर्मा (48) और सौरभ मिश्रा (42) ने उपयोगी पारियां खेलीं। अंत में कुलदीप श्रीवास्तव (37 नाबाद) ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। एम०यू०सी० क्लब की ओर से ओमकार शर्मा और सौरव झा ने 2-2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एम०यू०सी० क्लब की टीम 29.2 ओवरों में 142 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से अनिकेत कुमार (49), सौरव झा (30) और हर्षित शुक्ला (28) ने कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
रोलैण्ड क्लब के गेंदबाज सात्विक शर्मा ने घातक गेंदबाजी करते हुए 31 रन देकर 5 विकेट झटके, जबकि अंकुल जैन ने 12 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। शानदार प्रदर्शन के लिए सात्विक शर्मा को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।