- उत्तर प्रदेश बैडमिंटन संघ की परीक्षा 2025-26 में सर्वाधिक चयन, प्रदेश में पहला स्थान
कानपुर, 20 फरवरी।
उत्तर प्रदेश बैडमिंटन संघ (UPBA) की राज्य अंपायर परीक्षा 2025-26 में कानपुर ने इस वर्ष सर्वाधिक सफल उम्मीदवार देकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। कुल 21 उत्तीर्ण प्रतिभागियों में से चार अभ्यर्थी कानपुर से हैं, जो किसी भी जिले से सर्वाधिक संख्या है। इस उपलब्धि से शहर के खेल जगत में उत्साह का माहौल है।
कानपुर के ये अभ्यर्थी रहे सफल
UPBA की फरवरी 2026 की आधिकारिक सूची के अनुसार कानपुर से प्रिया द्विवेदी, प्राची वर्मा, आशीष कुमार राजपूत और सोहित कुमार ने राज्य अंपायर परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की। सूची में गाजियाबाद, उन्नाव, नोएडा और मेरठ समेत अन्य जिलों के 17 अभ्यर्थियों के नाम भी शामिल हैं, लेकिन चार सफल अभ्यर्थियों के साथ कानपुर ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है।
पदाधिकारियों ने दी बधाई
कानपुर बैडमिंटन संघ के पदाधिकारियों—चेयरमैन मनोज पांडे, प्रेसिडेंट डॉ. ए.के. अग्रवाल, पैट्रन अरुण पाठक (एमएलसी), वाइस प्रेसिडेंट डॉ. मनीषा अग्रवाल एवं धीरेंद्र सिंह, वाइस चेयरमैन महीप सक्सेना, सचिव डी.पी. सिंह, कार्यकारी सचिव सौरभ श्रीवास्तव एवं आशुतोष सत्यम झा, अतिरिक्त सचिव आशीष गौड़, अंतरराष्ट्रीय अंपायर रवि दीक्षित, इरशाद अहमद एवं नरेंद्र शाह, संयुक्त सचिव एवं नेशनल अंपायर मनीष सिंहल और हेमंत तिवारी—ने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए इसे “सम्मान की बात” बताया।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि दर्शाती है कि कानपुर में बैडमिंटन के तकनीकी पक्ष में भी तेजी से प्रगति हो रही है। प्रशिक्षित और प्रमाणित अंपायरों की संख्या बढ़ने से प्रदेश स्तर के टूर्नामेंटों में अंपायरिंग का स्तर और अधिक सुदृढ़ होगा तथा निष्पक्ष प्रतियोगिता को बल मिलेगा।