रोमांचक फाइनल में उन्नाव योद्धा चैंपियन, 23-20 से जीता खिताब

 

 

 

  • बाबा महेश्वर–सोमेश्वर धाम आमंत्रण कबड्डी प्रतियोगिता

 

बीघापुर/उन्नाव, 15 फरवरी।

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शुक्लाखेड़ा में आयोजित बाबा महेश्वर–सोमेश्वर धाम आमंत्रण कबड्डी प्रतियोगिता में उन्नाव योद्धा टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। 24 घंटे अखंड श्री दुर्गा पाठ के साथ आयोजित इस खेल महोत्सव में खेल भावना और सामाजिक संदेश का अनूठा संगम देखने को मिला।

लीग कम नॉकआउट पद्धति पर हुआ आयोजन

बाबा महेश्वर–सोमेश्वर धाम सेवा संस्थान परिवार और जय बाबा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता लीग कम नॉकआउट पद्धति पर खेली गई। आयोजन सचिव सुख सागर ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेल के माध्यम से सकारात्मक दिशा देना और समाज में नशा मुक्त व मांसाहार मुक्त जीवन का संदेश प्रसारित करना है। आयोजन अध्यक्ष डॉ. राजेश सिंह ने भी इसी उद्देश्य को दोहराते हुए खेल को सामाजिक जागरूकता का सशक्त माध्यम बताया।

रोमांचक रहा फाइनल मुकाबला

लीग चरण के मुकाबलों के आधार पर उन्नाव योद्धा और उन्नाव स्टेडियम की टीमों ने फाइनल में जगह बनाई। संयुक्त सचिव कृष्ण प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों ही टीमें राज्य स्तरीय खिलाड़ियों से सुसज्जित थीं।

फाइनल मैच में उन्नाव स्टेडियम के कप्तान हर्षित सोनकर और उन्नाव योद्धा के कप्तान प्रिंस के नेतृत्व में टीमें मैदान में उतरीं। मुकाबला बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहा। दोनों टीमों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया, लेकिन अंततः उन्नाव योद्धा ने 23–20 अंकों से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

मुख्य अतिथि ने किया पुरस्कार वितरण

प्रतियोगिता का उद्घाटन संस्थान के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त अध्यापक रामआसरे द्वारा किया गया। समापन अवसर पर जिला कबड्डी एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. राजेश सिंह ने विजेता टीम को ₹5100 नगद, मेडल एवं ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम को ₹4100 नगद, मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

निर्णायक की भूमिका कामराज, हर्षित बाजपेयी, अदिति सिंह और प्रांशु सिंह ने निभाई। कार्यक्रम में एसोसिएशन के सचिव डॉ. अश्वनी कुमार शुक्ल सहित आलोक शर्मा, अंजली वर्मा, अशोक पटेल, अनिल फौजी, प्रदीप कुमार, अतुल कुमार, मन्नू लाल और विनय कुमार समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment