- अमेठी में 9 से 11 दिसंबर तक होगा मुकाबला, प्रिंस सिंह व यश पाण्डेय दिखाएंगे दम
उन्नाव, 10 दिसंबर।
उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन एवं खेल निदेशालय के संयुक्त तत्वावधान में 9 से 11 दिसंबर 2025 तक अमेठी के डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता के लिए उन्नाव के दो उम्दा खिलाड़ियों का चयन लखनऊ मंडल की टीम में हुआ है।
प्रिंस सिंह और यश पाण्डेय का लखनऊ मंडल टीम में हुआ चयन
जिला क्रीड़ा अधिकारी मुकेश सब्बरवाल ने बताया कि प्रदेश के सभी मंडलों की टीमें इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। उन्नाव के प्रिंस सिंह और यश पाण्डेय ने कड़ी मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर लखनऊ मंडल की टीम में जगह बनाई है। दोनों खिलाड़ी पिछले कई सालों से जिला और मंडल स्तर पर लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं।
रेफरी परीक्षा में भी उन्नाव के 5 खिलाड़ी शामिल
उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष कैप्टन राहुल तिवारी ने बताया कि अमेठी में ही कबड्डी रेफरी एवं ऑफिशियल्स की परीक्षा भी आयोजित की जा रही है। इसमें उन्नाव से कामराज, हर्षित बाजपेई, कृष्णा मिश्रा, प्रिंस सिंह और यश पाण्डेय हिस्सा ले रहे हैं। इससे साफ है कि उन्नाव के युवा अब सिर्फ खिलाड़ी ही नहीं, खेल के तकनीकी पक्ष में भी आगे बढ़ रहे हैं।
खिलाड़ियों की सफलता पर जिले के लिए गर्व की बात
प्रिंस और यश की उपलब्धि पर जिला कबड्डी संघ के पदाधिकारी डॉ. अश्वनी कुमार शुक्ल, कृष्ण प्रताप सिंह, डॉ. राजेश सिंह, सुशील सांवरिया, आनंद मोहन, कुष्मेश, कपिल पाण्डेय, पुरुषोत्तम यादव एवं प्रीती गुप्ता सहित तमाम खेलप्रेमियों ने हर्ष जताया है और दोनों खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने की शुभकामनाएं दी हैं।