डीपीएस कल्याणपुर के युवान जेटली का एशिया मिनीगोल्फ चैंपियनशिप के लिए चयन

 

 

  • राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद युवान ने बनाई भारतीय टीम में जगह

 

कानपुर, 25 अगस्त।

मिनीगोल्फ के क्षेत्र में कानपुर और उत्तर प्रदेश के लिए गौरव की खबर है। डीपीएस कल्याणपुर के प्रतिभावान खिलाड़ी युवान जेटली का चयन आगामी एशिया मिनीगोल्फ चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। युवान के चयन से उनके परिवार, विद्यालय और कानपुर के खेल जगत में खुशी की लहर है।

नेशनल चैंपियनशिप में पदकों का शानदार रिकॉर्ड

युवान ने 11वीं सीनियर नेशनल मिनीगोल्फ चैंपियनशिप 2025-26 में प्रतिभाग करते हुए नॉकआउट टीम इवेंट में कांस्य पदक हासिल किया था। इससे पहले उन्होंने 11वीं सब-जूनियर मिनीगोल्फ नेशनल चैंपियनशिप 2025-26 में स्पीड प्ले स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।

लगातार राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के चलते युवान ने भारतीय टीम में अपनी जगह सुनिश्चित की और अब वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

खेल के प्रति समर्पित हैं युवान

उत्तर प्रदेश मिनीगोल्फ एसोसिएशन के संयुक्त सचिव एवं भारतीय टीम के कोच यजवेंद्र सिंह यादव ने युवान के चयन की जानकारी देते हुए कहा कि युवान अपने खेल के प्रति बेहद समर्पित और अनुशासित हैं। वह नियमित अभ्यास के साथ अपनी तकनीक और प्रदर्शन में लगातार सुधार करने के लिए मेहनत करते हैं। उनकी इसी लगन का परिणाम है कि उन्हें एशिया मिनीगोल्फ चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है।

सांसद ने किया सम्मानित, बढ़ाया हौसला

कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने अपने कार्यालय में युवान जेटली, उनके माता-पिता तथा भारतीय टीम के कोच यजवेंद्र सिंह यादव को सम्मानित किया। सांसद ने युवान को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनका उत्साह बढ़ाया।

युवान के चयन को कानपुर में उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि माना जा रहा है। खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि वह एशिया मिनीगोल्फ चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Comment