- ऑलराउंड प्रदर्शन से चमके वैदिक दीक्षित, सेमीफाइनल में दिनेश मिश्रा एकादश को 7 विकेट से हराया
कानपुर, 1 जून।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन द्वारा आयोजित स्व. मोतीराम (एडवोकेट, पूर्व विधायक) अंडर-15 क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत राहुल सप्रू मैदान पर खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भोला सिंह एकादश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिनेश मिश्रा एकादश को 7 विकेट से पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए दिनेश मिश्रा एकादश ने 35 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 176 रन बनाए। टीम की ओर से अयमान पठान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 101 रन बनाए, जबकि रिशु पाल ने 28 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में भोला सिंह एकादश के वैदिक दीक्षित ने 37 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। लक्ष्य श्रीवास्तव ने 17 रन पर 2 विकेट तथा अनय त्रिपाठी ने 43 रन देकर 2 विकेट चटकाए।
177 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भोला सिंह एकादश ने केवल 22.5 ओवर में 3 विकेट खोकर 177 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की जीत के नायक रहे वैदिक दीक्षित, जिन्होंने नाबाद 121 रन की विस्फोटक पारी खेली। अहद खान ने 23 रन का योगदान दिया। दिनेश मिश्रा एकादश की ओर से राघवेन्द्र और अविनाश सिंह को 1-1 विकेट मिला।
बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करने वाले वैदिक दीक्षित को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी माना गया। उनकी शतकीय पारी और तीन विकेट की बदौलत भोला सिंह एकादश ने फाइनल का टिकट हासिल किया।
संक्षिप्त स्कोर:
दिनेश मिश्रा एकादश: 176/9 (35 ओवर)
अयमान पठान 101* , रिशु पाल 28; वैदिक दीक्षित 3/37, लक्ष्य श्रीवास्तव 2/17, अनय त्रिपाठी 2/43।
भोला सिंह एकादश: 177/3 (22.5 ओवर)
वैदिक दीक्षित 121* , अहद खान 23; राघवेन्द्र 1/34, अविनाश सिंह 1/34।
परिणाम: भोला सिंह एकादश 7 विकेट से विजयी।