इंटर स्कूल आमंत्रण खो-खो प्रतियोगिता में यूपी किराना बालिका वर्ग में तो पूर्णचंद्र बालक वर्ग में बना चैंपियन

 

 

 

  • बालक वर्ग में पूर्णचंद्र विद्या निकेतन ने रोमांचक मुकाबले में यूपी किराना को एक अंक से हराया
  • नौ स्कूलों की टीमों ने लिया हिस्सा, विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित

 

कानपुर, 8 सितंबर।

स्थानीय पूर्णचंद्र ग्राउंड में आयोजित इंटर स्कूल आमंत्रण खो-खो बालक-बालिका प्रतियोगिता-2026 में खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में शहर के नौ स्कूलों की बालक एवं बालिका वर्ग की टीमों ने हिस्सा लिया। बालिका वर्ग में यूपी किराना स्कूल ने खिताब अपने नाम किया, जबकि बालक वर्ग में पूर्णचंद्र विद्या निकेतन विजेता बना।

 

बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में यूपी किराना ने पूर्णचंद्र को एक पारी और एक अंक से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की। वहीं, बालक वर्ग का फाइनल बेहद संघर्षपूर्ण रहा, जिसमें पूर्णचंद्र ने यूपी किराना को एक अंक से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा किया।

बालिका वर्ग के पहले मुकाबले में पूर्णचंद्र ने एनएलके आजाद नगर को एक पारी और 15 अंक से पराजित किया। दूसरे मुकाबले में यूपी किराना स्कूल ने श्रीराम स्कूल पनकी को एक पारी और तीन अंक से शिकस्त दी।

बालक वर्ग में पहले मैच में सीएचएस बर्रा ने श्रीराम स्कूल पनकी को एक पारी और छह अंक से हराया। दूसरे मुकाबले में पूर्णचंद्र ने एनएलके को एक पारी और 18 अंक से पराजित किया। तीसरे मुकाबले में यूपी किराना ने सीएचएस को पांच अंक से शिकस्त दी।

प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रधानाचार्य राकेश उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर उन्होंने खो-खो खेल के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए सभी खिलाड़ियों एवं टीमों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्कूली स्तर पर खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर मंच मिलता है।

समापन समारोह में प्रधानाचार्य ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को प्रमाण पत्र और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। बालिका वर्ग में बेस्ट रनर की ट्रॉफी यूपी किराना की आरोही गुप्ता तथा बेस्ट चेकर की ट्रॉफी पूर्णचंद्र की अध्याय मिश्रा को प्रदान की गई। बालक वर्ग में बेस्ट रनर की ट्रॉफी आर्यन गुप्ता तथा बेस्ट चेकर की ट्रॉफी पूर्णचंद्र के अविरल सचान को मिली।

आयोजकों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी टीमों के कोचों और खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया।

 

Inter School Kho-Kho Competition, Kho-Kho Championship 2026, School Sports, Kanpur Sports, Kho-Kho Tournament, UP Kirana School, Purnchand Vidya Niketan, Girls Kho-Kho, Boys Kho-Kho, School Level Competition, Sports News.

Leave a Comment