यूनाइटेड चैंपियंस लीग समर स्पेशल का धमाकेदार आगाज

 

 

  • पहले ही दिन पांच रोमांचक मुकाबले, खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से गूंजे शहर के मैदान

कानपुर, 15 मार्च।
शहर के विभिन्न मैदानों पर रविवार को ‘यूनाइटेड चैंपियंस लीग समर स्पेशल’ का शानदार आगाज हुआ। टूर्नामेंट के पहले ही दिन पांच लीग मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों का जबरदस्त उत्साह और कड़ा संघर्ष देखने को मिला। बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों ने अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

डॉ. मानस शुक्ला के अर्धशतक से एचएस फोटोग्राफी की आसान जीत
एसजे क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में एचएस फोटोग्राफी यूसीएल ने उद्योग वॉरियर्स को एकतरफा मुकाबले में 9 विकेट से पराजित कर दिया। उद्योग वॉरियर्स की टीम 99 रनों पर सिमट गई। समरेंद्र सिंह और डॉ. अभिषेक दुबे ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए डॉ. मानस शुक्ला के नाबाद 50 रनों की बदौलत एचएस फोटोग्राफी ने मात्र 11.2 ओवर में जीत दर्ज कर ली।

कांटे की टक्कर में माइटी मेवरिक्स की जीत
बीका गंगा बैराज मैदान पर माइटी मेवरिक्स और मेट्रो स्टॉर्म राइडर्स के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। मेट्रो स्टॉर्म राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 135 रन बनाए, जिसमें हरि माधव तिवारी ने 47 रनों का योगदान दिया। जवाब में माइटी मेवरिक्स की टीम ने 8 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। आदित्य ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

तिरंगा ए-टीम ने सुविधा ट्रेवल्स को दी शिकस्त
जेएमडी वर्ल्ड स्कूल ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में तिरंगा ए-टीम ने सुविधा ट्रेवल्स को 3 विकेट से हराया। सुविधा ट्रेवल्स ने चरण प्रीत के 64 रनों की बदौलत 160 रन बनाए थे। जवाब में अक्षय आनंद ने 41 रन बनाने के साथ 4 विकेट भी झटके, जबकि अर्पण तिवारी ने 5 विकेट लेकर तिरंगा ए-टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

दवनदीप सिंह का तूफानी शतक, ऑरेंज आर्मी की बड़ी जीत
राम लखन भट्ट डिग्री कॉलेज ग्राउंड पर ऑरेंज आर्मी ने फ्रेंड्स 11 को 116 रनों के बड़े अंतर से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑरेंज आर्मी ने दवनदीप सिंह के तूफानी शतक (38 गेंदों में 100 रन, 12 छक्के) की बदौलत 221 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए फ्रेंड्स 11 की टीम 105 रनों पर ऑलआउट हो गई। देवेन्द्र सिंह और अंशुल टेक चंदानी ने 3-3 विकेट हासिल किए।

जेबीके 11 की करीबी जीत
जेम क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में जेबीके 11 ने पिच रेडर्स को 14 रनों से हराकर जीत दर्ज की। जेबीके 11 ने अजय पांडे की 80 रनों की शानदार पारी की बदौलत 176 रन बनाए। जवाब में पिच रेडर्स के अमर पांडे ने 84 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन हिमांशु की घातक गेंदबाजी (4 विकेट) के सामने उनकी टीम 162 रन ही बना सकी।

Leave a Comment