टीएसएच टेबल टेनिस टूर्नामेंट 2.0: सत्यम गिरी गुप्ता और अंशिका गुप्ता बने चैंपियन

 

  • पुरुष वर्ग के फाइनल में सत्यम ने आशुतोष को 3-1 से हराया, महिला वर्ग में अंशिका ने श्रुति मेहरोत्रा को दी शिकस्त
  • 110 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, सात वर्गों में हुए रोमांचक मुकाबले; विजेताओं को ट्रॉफी, प्रमाणपत्र और नकद पुरस्कार देकर किया सम्मानित

 

कानपुर, 18 अक्टूबर।

आर्यनगर स्थित द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) में रविवार को आयोजित टेबल टेनिस टूर्नामेंट 2.0 में सत्यम गिरी गुप्ता और अंशिका गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रमशः पुरुष और महिला एकल वर्ग के खिताब अपने नाम किए। प्रतियोगिता में टीएसएच के 110 सदस्यों ने हिस्सा लिया। विभिन्न आयु वर्गों और श्रेणियों में खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

सत्यम ने आशुतोष को हराकर जीता पुरुष एकल खिताब

पुरुष एकल वर्ग का फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा। सत्यम गिरी गुप्ता ने आशुतोष गुप्ता को 3-1 के सेट अंतर से हराकर खिताब जीता। सत्यम ने पहला सेट 11-7 से अपने नाम किया, जबकि आशुतोष ने दूसरे सेट में 12-10 से जीत दर्ज कर मुकाबले में वापसी की कोशिश की। इसके बाद सत्यम ने शानदार खेल दिखाते हुए तीसरा सेट 11-9 और चौथा सेट 11-6 से जीतकर खिताब पर कब्जा कर लिया।

अंशिका ने श्रुति को हराकर महिला वर्ग में मारी बाजी

महिला एकल वर्ग के फाइनल में अंशिका गुप्ता ने श्रुति मेहरोत्रा को 3-1 से पराजित किया। अंशिका ने पहला सेट 11-4 से जीता, लेकिन श्रुति ने दूसरा सेट 11-8 से जीतकर मुकाबले को बराबरी पर लाने की कोशिश की। इसके बाद अंशिका ने तीसरा सेट 11-7 और चौथा सेट 11-8 से जीतकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

विजेताओं को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार से किया सम्मानित

प्रतियोगिता के समापन समारोह में उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन के चेयरमैन संजीव पाठक, पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गीता टंडन कपूर, कानपुर टेबल टेनिस एसोसिएशन के सचिव संजय टंडन और टीएसएच के डायरेक्टर प्रणव अग्रवाल ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, प्रमाणपत्र और नकद पुरस्कार प्रदान किए।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को 11 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वालों को 5,100 रुपये और तृतीय स्थान हासिल करने वालों को 2,100 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।

विभिन्न वर्गों के परिणाम

– अंडर-11 वर्ग: शुभ तिवारी प्रथम, भव्या सिंह द्वितीय और आद्विक माहेश्वरी तृतीय रहे।
– अंडर-15 वर्ग: अधिराज मजूमदार प्रथम, अबीर गुप्ता द्वितीय और अपराजिता सिंह तृतीय रहीं।
– अंडर-19 बालक वर्ग: दक्ष खंडेलवाल प्रथम, आशुतोष गुप्ता द्वितीय और अधिराज मजूमदार तृतीय रहे।
– अंडर-19 बालिका वर्ग: देवऋषिका शुक्ला प्रथम, अन्या गुप्ता द्वितीय और अंशिका गुप्ता तृतीय रहीं।
– पुरुष युगल वर्ग: आशीष कपूर और अजय केसरवानी की जोड़ी प्रथम, सिद्धार्थ खेतान और करन जेर की जोड़ी द्वितीय तथा लोकेश पंजाबी और अमित निगम की जोड़ी तृतीय रही।
– पुरुष एकल वर्ग: सत्यम गिरी गुप्ता प्रथम, आशुतोष गुप्ता द्वितीय और दक्ष खंडेलवाल तृतीय रहे।
– महिला एकल वर्ग: अंशिका गुप्ता प्रथम, श्रुति मेहरोत्रा द्वितीय और माला सिंह तृतीय रहीं।

Leave a Comment