14वीं जेएनटी अंडर-12 क्रिकेट प्रतियोगिता का कैलेंडर जारी, 17 मई से शुरू होंगे मुकाबले

 

 

 

  • 10 अप्रैल से रजिस्ट्रेशन, 8–10 मई ट्रायल और 7 जून को फाइनल
  • कानपुर साउथ मैदान बनेगा आयोजन का केंद्र

 

कानपुर, 25 अप्रैल।

कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वाधान में जेएनटी स्पोर्ट्स वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित सिग्मा ग्रिपलॉक ट्रॉफी के लिए खेले जाने वाली 14वीं जेएनटी अंडर-12 क्रिकेट प्रतियोगिता का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। संस्था के निदेशक प्रबोध शर्मा ने प्रतियोगिता का कैलेंडर जारी करते हुए बताया कि इस बार आयोजन को और अधिक व्यवस्थित एवं प्रतिस्पर्धात्मक बनाने के लिए चरणबद्ध कार्यक्रम तैयार किया गया है।

यह प्रतियोगिता शहर के उभरते क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित की जाती है, जिसमें हर वर्ष बड़ी संख्या में खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं।

10 अप्रैल से 5 मई तक रजिस्ट्रेशन, ऑनलाइन प्रक्रिया भी शामिल

प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 10 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है, जो 5 मई 2026 की रात्रि 11:50 बजे तक चलेगी। संस्था ने खिलाड़ियों से समय रहते पंजीकरण कराने की अपील की है, ताकि चयन प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

5-6 मई को बैच वितरण, 8-10 मई तक ट्रायल

रजिस्ट्रेशन के बाद खिलाड़ियों के बैच का वितरण 5 और 6 मई को कानपुर साउथ मैदान, किदवई नगर में शाम 6:30 बजे से रात 9:30 बजे तक किया जाएगा। इसके बाद ट्रायल 8 मई से 10 मई तक प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से आयोजित किए जाएंगे।

निदेशक प्रबोध शर्मा ने स्पष्ट किया कि कानपुर के बाहर से आने वाले खिलाड़ी ट्रायल के तीन दिनों में से किसी भी दिन शामिल हो सकते हैं और उन्हें मैदान पर ही बैच उपलब्ध करा दिया जाएगा। इससे बाहर के खिलाड़ियों को विशेष सुविधा मिलेगी।

12 मई को चयन सूची, 14-16 मई तक प्रशिक्षण शिविर

ट्रायल के बाद चयनित खिलाड़ियों की सूची 12 मई को संस्था की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। चयनित खिलाड़ियों के लिए 14 मई से 16 मई तक विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें उन्हें मैच के लिए तैयार किया जाएगा।

17 मई को उद्घाटन, 18 मई से शुरू होंगे मुकाबले

प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन 17 मई 2026 को शाम 6:00 बजे कानपुर साउथ मैदान में किया जाएगा। इसके बाद लीग और नॉकआउट मुकाबले 18 मई से 6 जून तक लगातार खेले जाएंगे।

7 जून को फाइनल, शहर को मिलेगा नया चैंपियन

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 7 जून 2026 को कानपुर साउथ मैदान में आयोजित होगा। आयोजकों के अनुसार इस बार प्रतियोगिता में अधिक टीमों की भागीदारी की संभावना है, जिससे मुकाबले और भी रोमांचक होने की उम्मीद है।

निदेशक प्रबोध शर्मा ने बताया कि यदि किसी कारणवश कार्यक्रम में बदलाव होता है, तो इसकी सूचना खिलाड़ियों और संबंधित पक्षों को समय पर उपलब्ध करा दी जाएगी।

Leave a Comment