- टीएसएच अकादमी के टेबल टेनिस खिलाड़ी सत्याम गिरि गुप्ता ने हासिल की उपलब्धि
कानपुर, 08 अक्टूबर।
द स्पोर्ट्ज़ हब (टीएसएच) अकादमी के टेबल टेनिस खिलाड़ी सत्याम गिरि गुप्ता का खेल कोटे के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस में चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से टीएसएच अकादमी के साथ ही कानपुर के खेल जगत में खुशी की लहर है। सत्याम की सफलता ने साबित किया है कि बेहतर प्रशिक्षण, अनुशासन और निरंतर मेहनत के दम पर खिलाड़ी खेल के क्षेत्र में पहचान बनाने के साथ-साथ रोजगार के बेहतर अवसर भी हासिल कर सकते हैं।
लगातार मेहनत से निखारा खेल
टीएसएच प्रशिक्षक सत्याम कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रहे सत्याम ने नियमित प्रशिक्षण और कड़ी मेहनत के जरिए अपने खेल कौशल को लगातार बेहतर बनाया। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने अनुशासन और निरंतर अभ्यास पर विशेष ध्यान दिया। खेल कोटे से उत्तर प्रदेश पुलिस में चयन उनके खेल करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धि होने के साथ ही जनसेवा के क्षेत्र में नई शुरुआत भी है।
युवा खिलाड़ियों के लिए बने प्रेरणा
सत्याम की उपलब्धि पर टीएसएच की ओर से उन्हें, उनके परिवार और प्रशिक्षक को बधाई दी गई। टीएसएच प्रबंधन ने कहा कि सत्याम की सफलता अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है। यह उपलब्धि बताती है कि खेल प्रतिभा को सही दिशा, बेहतर प्रशिक्षण और निरंतर मेहनत का साथ मिले तो खिलाड़ी अपने लिए उज्ज्वल भविष्य तैयार कर सकते हैं।
टीएसएच प्रतिभावान खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराने और उन्हें प्रतियोगिताओं के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर देने के लिए लगातार प्रयासरत है। सत्याम का चयन इसी प्रयास की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।