CISCE नेशनल स्कूल स्पोर्ट्स गेम्स में रुद्रांश ने जीता गोल्ड, पार्थ ने सिल्वर पर साधा निशाना

 

 

  • गोरखपुर में आयोजित 10 मीटर एयर राइफल अंडर-14 वर्ग में कानपुर के निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन
  • विजन एंड रिफ्लेक्शन हाई परफॉर्मेंस शूटिंग एकेडमी के खिलाड़ियों ने बढ़ाया शहर का मान

 

कानपुर, 7 अगस्त।

CISCE नेशनल स्कूल स्पोर्ट्स गेम्स में कानपुर के युवा निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया। तीन से छह अगस्त तक सेंट जूड्स स्कूल, मोहद्दीपुर, गोरखपुर में आयोजित प्रतियोगिता में विजन एंड रिफ्लेक्शन हाई परफॉर्मेंस शूटिंग एकेडमी, बर्रा-8 के रुद्रांश बाजपेई और पार्थ सार्थी ने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में पदक जीतकर शहर का मान बढ़ाया।

रुद्रांश ने गोल्ड पर साधा निशाना

द चिंटल्स स्कूल के रुद्रांश बाजपेई ने अंडर-14 बालक वर्ग की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में शानदार निशानेबाजी करते हुए पहला स्थान हासिल किया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में रुद्रांश के प्रदर्शन ने उनकी प्रतिभा और प्रशिक्षण की छाप छोड़ी।

पार्थ सार्थी ने जीता सिल्वर मेडल

इसी स्पर्धा में एसआर एजुकेशन सेंटर के पार्थ सार्थी ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। पार्थ ने अंडर-14 बालक वर्ग में दूसरा स्थान हासिल करते हुए सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया। एक ही एकेडमी के दो निशानेबाजों का शीर्ष दो स्थानों पर रहना एकेडमी के लिए भी बड़ी उपलब्धि रही।

युवा निशानेबाजों की सफलता से एकेडमी में उत्साह

एकेडमी के कोच एवं सचिव मयंक खाड़े ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि रुद्रांश और पार्थ के शानदार प्रदर्शन से एकेडमी के अन्य निशानेबाज भी काफी उत्साहित हैं। कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल करने से दोनों खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ने के साथ दूसरे उभरते निशानेबाजों को भी प्रेरणा मिलेगी।

पदक विजेताओं को दी भविष्य के लिए शुभकामनाएं

एकेडमी की संयोजक संध्या देवी, डॉ. देवेंद्र सिंह तथा इंटरनेशनल पैरा राइफल शूटर एवं पैरा शूटिंग कोच मोहम्मद उमर ने दोनों पदक विजेता निशानेबाजों को बधाई दी। उन्होंने रुद्रांश और पार्थ के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

 

Leave a Comment