ऋषभ निषाद बने प्रथम क्लासिकल शतरंज प्रतियोगिता के चैंपियन

 

 

 

  • विकास निषाद उपविजेता, श्रेष्ठ यादव ने हासिल किया तीसरा स्थान
  • चौथे राउंड का मुकाबला रहा आकर्षण का केंद्र, विकास निषाद ने सत्येंद्र सिंह को दी शिकस्त

 

कानपुर, 14 जून।

कानपुर चेस एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित प्रथम क्लासिकल शतरंज प्रतियोगिता के दूसरे एवं अंतिम दिन फाइनल तीन राउंड के मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए रोमांचक मुकाबले प्रस्तुत किए।

प्रतियोगिता का सबसे आकर्षक मुकाबला चौथे राउंड में दूसरे बोर्ड पर विकास निषाद और सत्येंद्र सिंह के बीच खेला गया। सफेद मोहरों से खेलते हुए विकास निषाद ने e4 चाल से खेल की शुरुआत की, जबकि काले मोहरों के साथ सत्येंद्र सिंह ने g6 डिफेंस अपनाया। शुरुआती 15 चालों के बाद बोर्ड पूरी तरह खुल गया और दोनों खिलाड़ियों के बीच रणनीतिक संघर्ष देखने को मिला। 25वीं चाल में विकास निषाद ने बिशप-नाइट एंडिंग में आउटसाइड पास्ड पॉन बनाकर आक्रामक बढ़त हासिल कर ली, जिसके बाद सत्येंद्र सिंह ने हार स्वीकार करते हुए मुकाबला छोड़ दिया।

प्रतियोगिता समाप्ति के बाद मुख्य अतिथि वरिष्ठ शतरंज खिलाड़ी आलोक गुप्ता ने विजेता खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के खेल की सराहना करते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता के विजेता

प्रतियोगिता में ऋषभ निषाद ने 4.5 अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त कर ₹3000 का नकद पुरस्कार जीता। विकास निषाद 4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे और उन्हें ₹2000 का पुरस्कार मिला। श्रेष्ठ यादव ने भी 4 अंक अर्जित कर तीसरा स्थान हासिल किया तथा ₹1200 की पुरस्कार राशि प्राप्त की।

अभिजीत गुरहा 3.5 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहे और उन्हें ₹1000 का पुरस्कार प्रदान किया गया। संतोष श्रीवास्तव ने भी 3.5 अंक अर्जित कर पांचवां स्थान प्राप्त किया तथा ₹1000 का पुरस्कार जीता।

विशेष पुरस्कार भी किए गए प्रदान

वरिष्ठ खिलाड़ी के रूप में सुरेंद्र कुमार मिश्रा को ट्रॉफी सहित ₹1000 का विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया। बेस्ट महिला खिलाड़ी का पुरस्कार भक्ति टेकवानी को मेडल देकर दिया गया, जबकि सबसे जूनियर खिलाड़ी के रूप में विवान श्रीवास्तव को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता के आर्बिटर बाल गोविंद अवस्थी ने विजेता खिलाड़ियों के नामों की घोषणा की। प्रतियोगिता के संचालन में विकास निषाद ने सहायक की भूमिका निभाई। यह जानकारी कानपुर चेस एसोसिएशन के सचिव दिलीप श्रीवास्तव ने दी।

Leave a Comment