रेहान के चतुर्मुखी प्रदर्शन से IONS इंडिया फाइनल में

 

Call Now Advertisement

अधिक जानकारी के लिए विज्ञापन पर क्लिक करके हमसे सीधे कॉल पर संपर्क कर सकते हैं

 

  • कानपुर टाइटंस को 9 रन से हराकर पॉलिकेयर ट्रॉफी के फाइनल में बनाई जगह
  • 55 रन की कप्तानी पारी खेलने के साथ 2 विकेट भी झटके, मैन ऑफ द मैच बने रेहान

 

कानपुर, 5 जून। ए.एस. क्रिकेट एकेडमी द्वारा आयोजित द्वितीय आनंद राव पाटिल मेमोरियल जूनियर क्रिकेट टूर्नामेंट फॉर पॉलिकेयर ट्रॉफी के रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में IONS इंडिया ने कानपुर टाइटंस को 9 रन से पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। रेहान के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी कानपुर टाइटंस के निर्णय को IONS इंडिया के कप्तान रेहान ने गलत साबित कर दिया। रेहान ने शानदार 55 रन की कप्तानी पारी खेलकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। उनके अलावा राधे पाण्डेय ने 26, मुकुल ने 23 और प्रिंस कुमार ने 18 रन का योगदान दिया। आयंस इंडिया ने निर्धारित 25 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाए। कानपुर टाइटंस की ओर से आयुष्मान कौल ने 2 विकेट लिए, जबकि यश दीक्षित, पार्थ, विहान और लक्ष्मी को 1-1 सफलता मिली।

170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर टाइटंस की शुरुआत संतुलित रही। कप्तान पार्थ शुक्ला ने शानदार 69 रन और विहान चंद्रा ने 26 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन अन्य बल्लेबाज अपेक्षित योगदान नहीं दे सके। परिणामस्वरूप टीम निर्धारित 25 ओवर में 7 विकेट पर 160 रन ही बना सकी।

IONS इंडिया की ओर से गेंदबाजी में आहान ने 5 ओवर में 1 मेडन के साथ मात्र 16 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। रेहान ने 5 ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि प्रिंस कुमार ने भी 5 ओवर में 25 रन देकर 2 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के दम पर आयंस इंडिया ने मुकाबला 9 रन से जीतकर फाइनल का टिकट हासिल किया।

शानदार अर्धशतकीय पारी और गेंदबाजी में महत्वपूर्ण योगदान के लिए IONS इंडिया के कप्तान रेहान को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें मुख्य अतिथि श्री अविनाश चंद्र द्वारा पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रतियोगिता सचिव पूजा पाटिल ने बताया कि रविवार को सुबह 6 बजे से IONS इंडिया और जे.बी. फाइटर के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

इस अवसर पर राम प्रसाद यादव, अमित गौतम, रितेश, निष्कर्ष, मनीष, आदित्य, ऋषभ सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Comment