सीनियर एथलेटिक्स टीम चयन के लिए रजिस्ट्रेशन 1 मई को, खिलाड़ियों को सुनहरा अवसर

 

 

 

  • जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन कानपुर की पहल, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए होगा चयन

 

 

कानपुर, 29 अप्रैल।

कानपुर जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन द्वारा जनपद की सीनियर एथलेटिक्स टीम के चयन हेतु रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 1 मई 2026 को आयोजित की जाएगी। यह रजिस्ट्रेशन अरमापुर स्थित एफजी मैदान में सायं 4:00 बजे से प्रारंभ होगा। चयन प्रक्रिया आगामी 29वीं उत्तर प्रदेश सीनियर एथलेटिक्स मीट (पुरुष एवं महिला वर्ग) के लिए की जा रही है, जो 7 एवं 8 मई को मदन मोहन मालवीय स्टेडियम, प्रयागराज में आयोजित होगी।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए होगा चयन

इस रजिस्ट्रेशन के माध्यम से ऐसे खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जो राज्य स्तर पर जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे। इच्छुक खिलाड़ी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में भाग लेकर अपने प्रदर्शन के आधार पर टीम में स्थान बना सकते हैं।

पात्रता और आवश्यक शर्तें

खिलाड़ियों की आयु 22 मई 2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक होनी अनिवार्य है, अर्थात खिलाड़ी का जन्म 22 मई 2008 या उससे पूर्व होना चाहिए। इसके साथ ही प्रतिभाग करने के लिए एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) का वैध UID नंबर होना भी अनिवार्य है। चयनित खिलाड़ियों को अपनी एंट्री उसी समय दर्ज करानी होगी।

समय पर पहुंचे, ट्रायल में लें भाग

एसोसिएशन की ओर से सभी इच्छुक खिलाड़ियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय पर उपस्थित होकर ट्रायल में भाग लें। अधिक जानकारी और पंजीकरण के लिए खिलाड़ी श्री शिव यादव (9956096971) और श्री दिनेश सिंह भदौरिया (8738927971) से संपर्क कर सकते हैं।

जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव डॉ. नरेश कुमार चौधरी ने खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि यह मंच प्रतिभा को निखारने और राज्य स्तर तक पहुंचने का बेहतरीन अवसर है।

Leave a Comment