- विशेष अग्निहोत्री के अर्धशतक और राज के चार विकेटों से सिंडिया वारियर्स पर 2 विकेट की रोमांचक जीत
कानपुर, 12 जून।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन से आबद्ध एवं फ्रेंड्स क्रिकेट एकेडमी द्वारा आयोजित प्रथम गीता देवी स्मारक टी-20 (अंडर-19) क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले में एस.ए. टाइटन्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिंडिया वारियर्स को 2 विकेट से पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। मुकाबला गीता देवी (मंटोरा) मैदान पर खेला गया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए सिंडिया वारियर्स की पूरी टीम 19.1 ओवर में 123 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से सम्राट सिंह ने 39 और कुलराज सिंह ने 29 रन का योगदान दिया। एस.ए. टाइटन्स के गेंदबाज राज कटियार ने घातक गेंदबाजी करते हुए 20 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि आदित्य अवस्थी ने 9 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
124 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एस.ए. टाइटन्स की टीम ने 19.1 ओवर में 8 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। जीत में विशेष अग्निहोत्री ने शानदार 56 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि दिव्यांशु साहू ने 25 रन बनाकर महत्वपूर्ण योगदान दिया। सिंडिया वारियर्स की ओर से आदर्श त्रिपाठी ने 3 तथा हर्ष सोनकर ने 2 विकेट लिए।
राज कटियार के ऑलराउंड प्रदर्शन और मैच बदलने वाली गेंदबाजी के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।