- बालक वर्ग में पंडित दीनदयाल स्कूल के खिलाड़ियों ने पहले पांच स्थानों पर जमाया कब्जा
- 66 खिलाड़ियों ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा, बालिका वर्ग में बीएनएसडी शिक्षा निकेतन की आन्या पटेल रहीं अव्वल
कानपुर, 25 अगस्त।
विष्णुपुरी स्थित एनएलके वीएम इंटर कॉलेज में अंतर विद्यालयी एक दिवसीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 8 के बालक एवं बालिका वर्ग में कुल 66 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक वर्ग में शीर्ष पांच स्थानों पर कब्जा जमाया।

बालक वर्ग में पंडित दीनदयाल स्कूल का दबदबा
बालक वर्ग में पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्कूल के राघव सिंह राजावत और अधिराज राठौर ने 4.5-4.5 अंक हासिल कर शीर्ष स्थानों पर जगह बनाई। आदित्य यादव और मुदित गुप्ता ने भी 4.5 अंक हासिल किए। पांचवें स्थान पर स्कूल के अर्णव मिश्रा रहे, जिन्होंने चार अंक अर्जित किए।
छठे स्थान पर बीएनएसडी शिक्षा निकेतन के ओम श्री गनेश रहे। उन्होंने भी चार अंक हासिल किए।
बालिका वर्ग में आन्या पटेल बनीं विजेता
बालिका वर्ग में बीएनएसडी शिक्षा निकेतन की आन्या पटेल ने चार अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। इसी विद्यालय की अवनी शर्मा तीन अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। रजनी देवी ग्लोबल स्कूल की हर्षिखा ने तीन अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
एनएलके वीएम स्कूल की भव्या गौर दो अंक के साथ चौथे स्थान पर रहीं, जबकि रजनी देवी ग्लोबल स्कूल की लक्ष्मी और राधिका ने दो-दो अंक के साथ क्रमशः पांचवां और छठा स्थान प्राप्त किया।
विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र से किया सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि दीपक यादव, उपाध्यक्ष, वेटलिफ्टिंग एसोसिएशन तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य ज्ञान सिंह ने दोनों वर्गों में प्रथम छह स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
विद्यालय की उप प्रधानाचार्य प्रिया मिश्रा ने मुख्य अतिथि का बुके देकर स्वागत किया। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन, खिलाड़ियों, प्रतिभागियों, अध्यापकों, निर्णायकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रशंसा वर्मा रहीं चीफ ऑर्बिटर
प्रतियोगिता में कुमारी प्रशंसा वर्मा ने चीफ ऑर्बिटर की भूमिका निभाई, जबकि कमल खेमानी सहायक ऑर्बिटर रहे। इस अवसर पर क्रीड़ा अधीक्षक अजीत गुप्ता एवं क्रीड़ा अध्यापक प्रदीप राज सहित अन्य शिक्षक एवं खेल अधिकारी मौजूद रहे।