गीता पार्क से ‘ऑक्सीजन बैंक’ अभियान की शुरुआत, सघन वन विकसित करने का संकल्प

 

  • युग भारती और शिव शक्ति सेवा संस्थान की पहल, 300 पौधों के रोपण से हरित भविष्य की ओर कदम

 

कानपुर, 3 मई।

पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण की दिशा में युग भारती एवं शिव शक्ति सेवा संस्थान द्वारा संयुक्त रूप से “एक प्रयास ऑक्सीजन बैंक का” अभियान का शुभारंभ रविवार को गीता पार्क, पुरानी टूटी लाइन पटरी, रामबाग में किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाया।

300 पौधों से सघन वन निर्माण की पहल

अभियान के तहत गीता पार्क के 70×25 क्षेत्र में 296 छोटे और 4 बड़े वृक्ष लगाकर ‘सघन वन ऑक्सीजन बैंक’ का निर्माण किया गया। इस पहल का उद्देश्य शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाना और पर्यावरण संतुलन को मजबूत करना है।

गणमान्य अतिथियों ने किया वृक्षारोपण

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गुलशन धूपड़ (फाउंडर, धूपड़ केमिकल्स) और विशिष्ट अतिथि संजीव दीक्षित (चेयरमैन, जेएमडी ग्रुप) ने अमरूद के पौधे रोपित किए। इसके साथ ही स्थानीय नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। टूटी रेलवे लाइन क्षेत्र में गुलमोहर और रामबाग के निवासियों ने 80 वर्षीय आनंद किशोर शुक्ल के साथ मिलकर नीम का पौधा लगाया।

हर नागरिक से 14 पेड़ लगाने की अपील

कार्यक्रम संयोजक अजय शंकर दीक्षित ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने अपील की कि यदि हर व्यक्ति अपने जीवनकाल में 14 वृक्ष लगाकर उनकी देखभाल करे, तो वह अपने कार्बन उत्सर्जन की भरपाई कर सकता है।

गीता पार्क को हरित और सुंदर बनाने का आह्वान

युग भारती के अध्यक्ष वीरेन्द्र त्रिपाठी और महामंत्री डॉ. मोहन कृष्ण मिश्र ने स्थानीय लोगों से अधिक से अधिक जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के माध्यम से न केवल पर्यावरण सुरक्षित होगा, बल्कि बच्चों और बुजुर्गों के लिए पार्क को और सुंदर व उपयोगी बनाया जा सकेगा।

समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता

इस अवसर पर डॉ. प्रवीण सारस्वत, विनय अजमानी, अवध बिहारी मिश्र, आरपी सिंह सेंगर, वीएन अवस्थी, अरुण पांडेय, रविंदर सिंह, भूपेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment