- प्रथम हरेन्द्र पाल आनन्द क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में एकतरफा जीत
- आरपीसीए श्यामनगर में खेले गये मैच में 9 विकेट से दर्ज की जीत
कानपुर, 20 अप्रैल।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन से आबद्ध एवं सदर्न क्लब द्वारा आयोजित प्रथम हरेन्द्र पाल आनन्द क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में ओलम्पिक क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अशोका ज्योति को 9 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। यह मुकाबला आरपीसीए मैदान श्यामनगर में खेला गया।
फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए अशोका ज्योति की टीम 32 ओवरों में 131 रन पर सिमट गई। राघव अवस्थी ने 84 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि प्रांशु गुप्ता ने 24 रन का योगदान दिया। ओलम्पिक क्लब की ओर से अनिकेत कुमार ने 4 विकेट झटके, वहीं पुनीत पाल और राज कटियार ने 2-2 विकेट लेकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए ओलम्पिक क्लब ने मात्र 21 ओवरों में 1 विकेट खोकर 134 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। पुनीत पाल ने नाबाद 83 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि लक्ष्य यादव (नाबाद 26) और अक्षत यादव (21) ने भी उपयोगी योगदान दिया।
इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए पुनीत पाल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच के बाद आयोजित पुरस्कार समारोह में आयुष शुक्ला, अन्नु शुक्ला एवं विशेष आनन्द ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। राघव अवस्थी को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, जबकि अभिजीत सिंह को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज एवं प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार प्रदान किया गया।