- एलएनआईपीई, ग्वालियर में मिला प्रवेश, आधुनिक कोचिंग तकनीकों का प्रशिक्षण लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने का लक्ष्य
कानपुर, 15 जुलाई।
कानपुर के राष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी एवं कोच अनुज कुमार गौतम ने प्रतिष्ठित पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग (PGDSC–बैडमिंटन) की प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल कर शहर का गौरव बढ़ाया है। देश के अग्रणी खेल शिक्षण संस्थानों में शामिल लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (एलएनआईपीई), ग्वालियर में उन्हें प्रवेश मिला है। अनुज की इस उपलब्धि से कानपुर के खेल जगत में खुशी की लहर है।
देशभर से केवल 25 खिलाड़ियों का होता है चयन
पीजीडीएससी (बैडमिंटन) पाठ्यक्रम में प्रतिवर्ष केवल 25 सीटों पर प्रवेश दिया जाता है। इन सीटों के लिए देशभर के खिलाड़ी लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षण, खेल कौशल परीक्षण और अन्य चयन प्रक्रियाओं से गुजरते हैं। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच अनुज का चयन उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का प्रमाण है।
आधुनिक कोचिंग तकनीकों का मिलेगा प्रशिक्षण
अनुज वर्तमान में स्वरूप नगर स्थित कानपुर विद्या मंदिर स्पोर्ट्स एकेडमी में हेड कोच के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। एलएनआईपीई में प्रशिक्षण के दौरान वे आधुनिक कोचिंग तकनीक, खेल विज्ञान, खेल मनोविज्ञान, प्रदर्शन विश्लेषण और बैडमिंटन की उन्नत प्रशिक्षण पद्धतियों का अध्ययन करेंगे। उनका उद्देश्य भविष्य में खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की कोचिंग उपलब्ध कराकर भारतीय बैडमिंटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।
खेल जगत ने दी शुभकामनाएं
अनुज की सफलता पर कानपुर विद्या मंदिर स्पोर्ट्स एकेडमी के चेयरमैन डॉ. डी.सी. गुप्ता, चीफ हेड कोच सुशील गुप्ता, आर.के. गुप्ता, संजय प्रजापति, योगेश बिष्ट, गौरव सोनकर, आयुष मिश्रा और देविशा यादव सहित खेल जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।