गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन समारोह में मेधावी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का सम्मान

 

 

  • जय नारायण विद्या मंदिर में आयोजित हुआ भव्य समारोह

 

कानपुर, 10 सितंबर।

जय नारायण विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, विकास नगर में भारत विकास परिषद, रामकृष्ण शाखा, ब्रह्मावर्त प्रांत कानपुर के तत्वावधान में ‘गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन’ समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रशासन से जुड़े पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा, संस्कार और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने के साथ गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व को रेखांकित करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अजय सोहाने, पूर्व जीएसटी कमिश्नर तथा अध्यक्ष उमेश निगम, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, दिव्य प्रेम सेवा मिशन की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अनिल कुमार त्रिपाठी एवं उप प्राचार्या डॉ. नमिता गुप्ता को स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

वर्ष 2025-26 की सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में इंटरमीडिएट में 93 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली आद्या पांडे तथा उनके शिक्षक पिता को भी सम्मानित किया गया। वहीं हाईस्कूल में विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले शौर्य प्रताप बाजपेई को 93.8 प्रतिशत अंक हासिल करने पर सम्मान मिला।

विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा सिद्धि झा को शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं विभिन्न सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। सिद्धि राष्ट्रीय स्तर की बैडमिंटन खिलाड़ी हैं और उन्होंने अपने शानदार खेल प्रदर्शन से विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में उनकी सक्रिय सहभागिता और उपलब्धियों को देखते हुए विशेष रूप से उनका अभिनंदन किया गया।

विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले शिक्षकों आशुतोष सत्यम झा, गौरव सिंह एवं प्रज्ञा मिश्रा को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह चौहान, सचिव अजय मेहरोत्रा, संयोजक दिनेश निगम, विमलेश शंकर अवस्थी सहित सुशील शुक्ला, वीरेंद्र दीक्षित, भरत दीक्षित, शैलेंद्र शुक्ला एवं ऊषा पांडे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

समारोह में वक्ताओं ने गुरु-शिष्य परंपरा को भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण धरोहर बताते हुए कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन, संस्कार और प्रेरणा से ही विद्यार्थी जीवन में सफलता हासिल करने के साथ समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में शिक्षा, संस्कार और उत्कृष्ट प्रदर्शन के प्रति नई ऊर्जा एवं प्रेरणा का संचार किया।

 

Guru Vandan Chhatra Abhinandan, Bharat Vikas Parishad, JNV Kanpur, Academic Excellence, CBSE Board, Meritorious Students, Teacher Felicitation, Student Felicitation, National Level Badminton, Sports Achievement, Guru Shishya Tradition

Leave a Comment