मेटाडोर फोम, क्रेजी इलेवन एवं ब्लू वारियर्स की शानदार जीत

 

 

 

  • कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित संडे लीग में खेले गए तीन मुकाबलों के रोमांचक परिणाम
  • मेटाडोर क्लब ने 10 विकेट से, क्रेजी इलेवन ने 8 विकेट से और ब्लू वारियर्स ने 4 विकेट से दर्ज की जीत

 

कानपुर 1 मार्च।

कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित संडे लीग के अंतर्गत खेले गए तीन मुकाबलों में मेटाडोर फोम, क्रेजी इलेवन तथा ब्लू वारियर्स की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। 

मेटाडोर की जीत में सौरभ का शतक

पहलेमैच में कानपुर साउथ मैदान पर नाइट स्कॉर्चर्स की टीम 26.1 ओवर में 145 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से सिद्धार्थ पांडेय ने 40 रन, सुदीप्त द्विवेदी ने 30 रन बनाए, जबकि रितेश गुप्ता ने 15 रन पर 4 और अंकित गुप्ता ने 28 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। जवाब में मेटाडोर फोम इलेवन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए बिना किसी नुकसान के 15 ओवर में 140 रन बनाकर 10 विकेट से जीत दर्ज की। शान्तनु सिंह ने 34 रन तथा सौरभ सिंह ने नाबाद 107 रन बनाकर टीम को आसान जीत दिलाई। सौरभ सिंह को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। 

आशीष साहू की नाबाद शतकीय पारी 

दूसरे मुकाबले में  सप्रू मैदान पर कलावती सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 30 ओवर में 212 रन बनाए। टीम की ओर से सुमित ने 58 रन, राहुल सिंह ने 49 रन तथा मनोज अवस्थी ने 33 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में गौरव पांडेय ने 49 रन देकर 3 विकेट तथा विकास शर्मा ने 30 रन देकर 2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए क्रेजी इलेवन ने 17 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 215 रन बनाकर 8 विकेट से जीत हासिल की। आयुष गुप्ता ने 45 रन, आयुष पाठक ने 36 रन तथा आशीष साहू ने नाबाद 103 रन की शानदार पारी खेली। आशीष साहू को मैन ऑफ द मैच चुना गया। 

मनिंदर के शतक से जीता ब्लू वारियर्स

तीसरे मैच में पीएसी मैदान पर पटेल प्रॉपर्टीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 28.5 ओवर में 194 रन बनाए। टीम की ओर से सतीश राठौर ने 58 रन, मो. जावेद ने 28 रन तथा गोपाल सिंह ने 28 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में त्रिभुवन दीक्षित ने 39 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। जवाब में ब्लू वारियर्स ने 25.3 ओवर में 6 विकेट पर 195 रन बनाकर मुकाबला 4 विकेट से जीत लिया। मनिंदर सिंह ने शानदार 102 रन बनाए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। मनिंदर सिंह को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

Leave a Comment