उत्तर प्रदेश में मास्टर्स खिलाड़ियों को मिलेगा नया मंच, नई एसोसिएशन का गठन

 

 

 

  • लखनऊ में हुई बैठक में वरिष्ठ खिलाड़ियों का फैसला, निष्क्रिय संस्था की जगह बनेगा मजबूत संगठन

 

लखनऊ, 22 अप्रैल।

गोमती नगर में आयोजित बैठक में उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने मास्टर्स गेम्स को नई दिशा देने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया। बैठक में भारत में मास्टर्स गेम्स के संस्थापक एवं सुपर मास्टर्स गेम्स एंड स्पोर्ट्स फेडरेशन के सीईओ विनोद कुमार की विशेष उपस्थिति रही। बैठक की अध्यक्षता विनोद मिश्रा ने की।

बैठक में प्रदेश में मास्टर्स गेम्स को बढ़ावा देने और इसकी जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए प्रभावी रणनीति बनाने पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि बीते 2-3 वर्षों से पूर्व संस्था के निष्क्रिय रहने के कारण खिलाड़ियों को पर्याप्त अवसर और जानकारी नहीं मिल पा रही थी।

“मास्टर्स गेम्स एवं स्पोर्ट्स एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश” का गठन

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रदेश में नई संस्था “मास्टर्स गेम्स एवं स्पोर्ट्स एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश” का गठन किया जाए। इसके लिए पदाधिकारियों का चयन भी किया गया।

चेयरमैन पद पर जगदीप सिंह माधोक, अध्यक्ष पद पर विनोद मिश्रा और महासचिव पद पर प्रणय द्विवेदी को जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा उपाध्यक्ष के रूप में प्रकाश अवस्थी, बैजनाथ यादव, नितिन वार्ष्णेय और पंकज श्रीवास्तव को नामित किया गया। कोषाध्यक्ष पद पर अनुभव मिश्रा तथा संयुक्त सचिव के रूप में कुमकुम गुप्ता और कृष्णराज चतुर्वेदी का चयन हुआ।

जल्द पंजीकरण, पूरे प्रदेश में विस्तार की तैयारी

बैठक में निर्णय लिया गया कि संस्था का शीघ्र पंजीकरण कराया जाएगा, ताकि योजनाबद्ध तरीके से प्रदेश भर में मास्टर्स गेम्स की गतिविधियों का विस्तार किया जा सके। यह भी तय हुआ कि सभी खेलों के लिए अलग-अलग कनवीनर बनाए जाएंगे, जिससे हर खेल को समान अवसर मिल सके।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बढ़ेगी भागीदारी

अपने संबोधन में विनोद कुमार ने मास्टर्स गेम्स की अवधारणा और महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रदेश से अधिकाधिक खिलाड़ियों की राष्ट्रीय स्तर पर भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।

बैठक में आगामी वर्ल्ड मास्टर्स गेम्स (जापान) में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। इसके लिए एसोसिएशन के माध्यम से खिलाड़ियों की एंट्री फेडरेशन को भेजने की रणनीति बनाई जाएगी।

पदक विजेताओं का सम्मान

कार्यक्रम के अंत में आबू धाबी ओपन मास्टर्स गेम्स में तैराकी में पदक जीतने वाली कुमकुम गुप्ता और प्रणय द्विवेदी को सम्मानित किया गया।

बैठक में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और वरिष्ठ खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Leave a Comment