- भोपाल में आयोजित 5वें इंडिया टीम ट्रायल में शानदार प्रदर्शन, 555/600 का स्कोर हासिल कर बढ़ाया कानपुर का मान
- द परफेक्ट राइफल शूटिंग एकेडमी की प्रतिभावान निशानेबाज लावन्या अरोड़ा ने सेलेक्ट होकर हासिल की बड़ी उपलब्धि, ओलंपिक में पदक जीतने का लक्ष्य
कानपुर, 19 सितंबर।
द परफेक्ट राइफल शूटिंग एकेडमी, कानपुर की प्रतिभावान निशानेबाज लावन्या अरोड़ा ने निशानेबाजी के क्षेत्र में शहर का नाम रोशन करते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। लावन्या ने हाल ही में भोपाल की एमपी शूटिंग रेंज में आयोजित 5वें इंडिया टीम ट्रायल में हिस्सा लिया और शानदार प्रदर्शन करते हुए 600 में से 555 अंक हासिल किए। एकेडमी के अनुसार, इंडिया टीम ट्रायल में चयनित होकर लावन्या कानपुर की पहली महिला शूटर बनी हैं।
लावन्या की इस उपलब्धि से द परफेक्ट राइफल शूटिंग एकेडमी में भी खुशी का माहौल है। एकेडमी के कोच एवं सचिव अमर निगम और कोच अभिषेक निगम ने लावन्या के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि लावन्या ने निरंतर अभ्यास, अनुशासन और कोचिंग के दौरान मिले निर्देशों का पालन करते हुए यह मुकाम हासिल किया है।
मेहनत और सटीक निशानेबाजी से हासिल की सफलता
लावन्या ने इस मुकाम तक पहुंचने का श्रेय अपने कोच अमर सर, अविरल सर तथा अपने माता-पिता कविता एवं रोहित अरोड़ा को दिया है। उन्होंने कहा कि परिवार और कोच के निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन से उन्हें अपने प्रदर्शन में सुधार करने और बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने की प्रेरणा मिली।
लावन्या का लक्ष्य अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करते हुए ओलंपिक में पदक हासिल करना है। इसके लिए वह अपनी मेहनत और अभ्यास को और अधिक निरंतर रखने की तैयारी में हैं।
एकेडमी का कहना है कि लावन्या की उपलब्धि कानपुर के निशानेबाजी खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायी है और इससे शहर की महिला निशानेबाजों को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का प्रोत्साहन मिलेगा।