- 130 खिलाड़ियों ने दिखाया दिमागी कौशल, तीन राउंड के बाद केडीएमए 6 अंकों के साथ शीर्ष पर
कानपुर, 2 सितंबर।
बर्रा स्थित पूर्ण चंद्र विद्या निकेतन में कक्षा 9 से 12 तक के बालकों की सीबीएसई केएसएस जोन-बी शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में जोन-बी के 26 स्कूलों के 130 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। पांच राउंड में होने वाली प्रतियोगिता के पहले दिन तीन राउंड के मुकाबले खेले गए।
प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश उपाध्याय ने सफेद मोहरों के साथ खेलकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के क्रीड़ा अधीक्षक विनय पांडे ने प्रधानाचार्य एवं सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

प्रतियोगिता में चीफ ऑर्बिटर कु. रूपा शुक्ला के साथ सहायक ऑर्बिटर कमल खेमानी, कुसुम शर्मा और सत्येंद्र सिंह ने मुकाबलों का संचालन किया। इस दौरान विद्यालय के क्रीड़ा अध्यापक धीरेंद्र सिंह और संदीप निगम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
तीन राउंड के बाद केडीएमए सबसे आगे
पहले दिन तीन राउंड के मुकाबले समाप्त होने के बाद टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। 6 अंकों के साथ केडीएमए बर्रा शीर्ष स्थान पर बना हुआ है। वहीं 5 अंकों के साथ आर्चीज हायर सेकेंडरी स्कूल, इस्काॅनिया एकेडमी और डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर, श्याम नगर की टीमें संयुक्त रूप से अगले स्थान पर हैं।
4 अंकों के साथ आर्मी पब्लिक स्कूल, सुभाष पब्लिक स्कूल, हरमिलाप मिशन, सुघर सिंह अकैडमी, डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर जाजमऊ, दुर्गा प्रसाद विद्या निकेतन और डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर एन-ब्लॉक किदवई नगर की टीमें भी मजबूत स्थिति में हैं।
कल होंगे निर्णायक दो राउंड
प्रतियोगिता में पांच राउंड के मुकाबले होने हैं। पहले दिन तीन राउंड पूरे होने के बाद अब कल फाइनल दो राउंड के मुकाबले खेले जाएंगे। इन मुकाबलों के बाद प्रतियोगिता की अंतिम टीम रैंकिंग तय होगी।