- अंडर-13, अंडर-15 और अंडर-18 प्रतियोगिताओं के साथ खिलाड़ियों के लिए लगेंगे विशेष प्रशिक्षण शिविर
- फरवरी में पहली बार होगी राजीव शुक्ला राज्य स्तरीय महिला चैलेंजर टी-20 लीग, महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए दो अन्य प्रतियोगिताएं भी होंगी
- कानपुर क्रिकेट लीग को जूनियर और सीनियर वर्ग में बांटा जाएगा, क्लबों के लिए टी-20 लीग का भी आयोजन
कानपुर, 11 अक्टूबर।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) ने सत्र 2026-27 के लिए अपना क्रिकेट कैलेंडर और आगामी खेल कार्यक्रम घोषित कर दिए हैं। इस सत्र में एसोसिएशन का मुख्य फोकस जूनियर क्रिकेट पर रहेगा। युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने, उनकी प्रतिभा निखारने और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के आगामी सत्र के ट्रायल के लिए तैयार करने के उद्देश्य से पूरे वर्ष विभिन्न आयु वर्गों की प्रतियोगिताएं और विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए भी कई महत्वपूर्ण प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।
अक्टूबर से शुरू होंगे जूनियर खिलाड़ियों के प्रशिक्षण शिविर
केसीए की ओर से 12 अक्टूबर से अंडर-15 और 22 अक्टूबर से अंडर-13 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद जनवरी 2027 और अप्रैल 2027 में भी शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण देकर यूपीसीए के सत्र 2027-28 के ट्रायल के लिए तैयार किया जाएगा।
कानपुर क्रिकेट लीग में होंगे जूनियर और सीनियर वर्ग
केसीए की प्रतिष्ठित कानपुर क्रिकेट लीग का आयोजन अक्टूबर के मध्य में शुरू होगा। इस वर्ष से लीग को जूनियर और सीनियर वर्ग में विभाजित किया जाएगा। सीनियर डिवीजन के मुकाबले 45 ओवर और जूनियर डिवीजन के मैच 35 ओवर के होंगे। लीग के सभी मैच मार्च 2027 तक पूरे कराए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त 15 नवंबर से कानपुर क्रिकेट लीग (संडे लीग) का आयोजन होगा। इसके सभी मुकाबले रविवार को 30 ओवर के खेले जाएंगे। वहीं, फरवरी 2027 से एसोसिएशन से संबद्ध क्लबों के लिए टी-20 लीग आयोजित की जाएगी। इसमें 16 टीमें हिस्सा लेंगी। लीग के सभी मैच रंगीन पोशाक में सफेद गेंद से खेले जाएंगे।
अंडर-13, अंडर-15 और अंडर-18 खिलाड़ियों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण
केसीए 24 नवंबर से सुनील तिवारी स्मारक अंडर-13 इंटर क्रिकेट एकेडमी लीग आयोजित करेगा। इसमें शहर की क्रिकेट एकेडमियों की टीमें हिस्सा लेंगी। सभी मुकाबले 35 ओवर के लाल गेंद से खेले जाएंगे। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारना है। इसके लिए चयनित 30 खिलाड़ियों के बीच वर्ष में तीन बार विशेष कोचिंग शिविर आयोजित किए जाएंगे।
अंडर-18 प्रतियोगिता 22 मार्च 2027 से शुरू होगी। ट्रायल के बाद आठ टीमें बनाई जाएंगी और उनके बीच मुकाबले कराए जाएंगे। प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 30 खिलाड़ियों के लिए प्रदेश के श्रेष्ठ प्रशिक्षकों की देखरेख में विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। पूरे सत्र में ऐसे तीन शिविर लगाए जाएंगे।
इसी तरह 20 अप्रैल 2027 से अंडर-15 मोतीराम (एडवोकेट) क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें ट्रायल के आधार पर आठ टीमें बनाई जाएंगी। मुकाबलों के बाद चयनित 30 खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रतियोगिता के माध्यम से भी खिलाड़ियों को पूरे सत्र में तीन प्रशिक्षण शिविरों में अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।
अंडर-12 प्रतियोगिता में बनेंगी 12 टीमें
केसीए की जेएनटी अंडर-12 क्रिकेट प्रतियोगिता 10 मई 2027 से आयोजित की जाएगी। ट्रायल के बाद 12 टीमों का गठन होगा। इन टीमों को दो पूल में बांटकर मुकाबले कराए जाएंगे। प्रतियोगिता में कुल 35 मैच आयोजित किए जाएंगे।
फरवरी में पहली बार होगी राज्य स्तरीय महिला चैलेंजर टी-20 लीग
महिला क्रिकेट को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से केसीए फरवरी 2027 में पहली बार राजीव शुक्ला राज्य स्तरीय महिला चैलेंजर टी-20 लीग का भव्य आयोजन करेगा। इसमें प्रदेशभर की महिला खिलाड़ियों के ट्रायल के बाद सर्वश्रेष्ठ 75 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इन खिलाड़ियों को पांच टीमों में बांटकर मुकाबले कराए जाएंगे।
लीग में प्रत्येक टीम के साथ मैनेजर और कोच नियुक्त किए जाएंगे। प्रतिदिन दिन और रात्रि सत्र में दो मैच खेले जाएंगे। फाइनल मुकाबला दूधिया रोशनी में दोनों शीर्ष टीमों के बीच आयोजित होगा। इस लीग का उद्देश्य महिला क्रिकेट की प्रतिभाओं को तराशना और नई खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देना है।
महिला क्रिकेट के लिए दो अन्य प्रतियोगिताएं भी
केसीए दिसंबर 2026 से राजरतन महिला लीग आयोजित करेगा। इसमें चार टीमें प्रतिभाग करेंगी और प्रत्येक टीम को तीन मैच खेलने का अवसर मिलेगा। लीग के सभी मुकाबले रंगीन पोशाक में खेले जाएंगे। इसका उद्देश्य शहर में महिला क्रिकेट को बढ़ावा देना है।
इसके अलावा मई 2027 में डॉ. गौर हरि सिंघानिया स्मारक राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें छह टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें दो पूल में बांटा जाएगा। प्रत्येक टीम को दो-दो मैच खेलने का अवसर मिलेगा। सभी मुकाबले 35 ओवर के होंगे और रंगीन पोशाक में सफेद गेंद से खेले जाएंगे। इस प्रतियोगिता के जरिए प्रदेश में महिला क्रिकेट को प्रोत्साहित किया जाएगा।
मई में होगा अंपायर और स्कोरर सेमिनार
खेल के संचालन और तकनीकी दक्षता को बेहतर बनाने के लिए केसीए मई 2027 में अंपायर और स्कोरर सेमिनार आयोजित करेगा। इसमें राष्ट्रीय स्तर का अनुभव रखने वाले विशेषज्ञ शहर के अंपायरों और स्कोररों के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे। इससे उन्हें नियमों, निर्णय प्रक्रिया और स्कोरिंग से जुड़ी तकनीकी जानकारियां प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।