एशियन गेम्स में भारतीय टीम का नेतृत्व करेंगी कानपुर की ज्योति

 

 

  • हिमाचल प्रदेश की दीक्षा कुमारी को बनाया गया टीम का उप कप्तान
  • यूपी की दो खिलाड़ियों ने भारतीय महिला हैंडबाल टीम में बनाई जगह
  • चीन के हांगझोऊ में 23 से आठ अक्तूबर तक खेले जाएंगे एशियन गेम्स

कानपुर। शहर की ज्योति शुक्ला के हाथ में एशियन गेम्स में भारतीय महिला हैंडबाल टीम की कमान होंगी। चीन के हांगझोऊ में 23 सितम्बर से शुरू होने वाले एशियन गेम्स के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम बुधवार को लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना हो गई। टीम में उत्तर प्रदेश की दो खिलाड़ियों ने भी प्रतिभा की दम पर जगह बनाई है।

बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
लखनऊ के एक होटल में आयोजित समारोह में हैंडबाल संघ और खेल प्रेमियों ने भारतीय टीम को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद के साथ उन्हें शुभकामनाएं दी गई। लक्ष्मीबाई आवर्ड से नवाजी गईं कानपुर की ज्योति शुक्ला रेलवे में सेवारत हैं। वहीं, हिमाचल प्रदेश की रहने वाली दीक्षा कुमारी उनकी डिप्टी यानि उपकप्तान होंगी। हैंडबाल संघ ने भारतीय टीम का चयन करने से पहले संभावित खिलाड़ियों का एक प्रशिक्षण शिविर लगाया था। हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के कार्यकारी निदेशक डॉ. आनन्देश्वर पांडेय ने बताया कि अयोध्या में लगे शिविर में खेल की तकनीक, इंडयोरेंस, स्टेमिना व गति में सुधार के लिए काम किया गया है। साथ ही इसका कड़ा अभ्यास खिलाड़ियों से कराया गया। उम्मीद है टीम बेहतर प्रदर्शन करेगी।

शिवा और तेजस्विनी को भी मिली जगह
हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के संयुक्त सचिव डॉ. रजत आदित्य दीक्षित ने बताया कि समारोह में मुख्य अतिथि बीबीडी यूनिवर्सिटी की चांसलर अलका दास ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। डॉ. रजत ने बताया घोषित टीम में यूपी की शिवा सिंह, तेजस्विनी सिंह भी चयनित हैं। एशियन गेम्स चीन में 23 सितंबर से आठ अक्तूबर तक खेले जाएंगे।

25 को जापान के खिलाफ शुरू होगा अभियान
उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के अध्यक्ष विराज सागर दास ने बताया कि भारतीय महिला टीम को प्रारंभिक राउंड के ग्रुप बी में है। इस ग्रुप में उसके साथ चीन, जापान, नेपाल और हांगकांग चाइना की टीमें हैं। भारतीय टीम 25 सितंबर को जापान के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इसके बाद वह 27 सितंबर को हांगकांग चाइना, 29 सितंबर को चीन और 30 सितंबर को नेपाल की टीम से भिड़ेगी। एशियन गेम्स के 19वें संस्करण में हैंडबॉल के मुकाबले 23 से पांच अक्तूबर तक खेले जाएंगे। हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला, कोषाध्यक्ष डॉ. तेजराज सिंह, महासचिव ए. जगनमोहन राव ने भी भारतीय टीम के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।

चयनित टीम इस प्रकार है
नीना शील (पश्चिम बंगाल), दीक्षा कुमारी, निधि शर्मा, शालिनी ठाकुर, भावना, मिताली शर्मा, प्रियंका ठाकुर (हिमाचल प्रदेश), शिवा सिंह, तेजस्विनी सिंह (उत्तर प्रदेश), मेनिका, सुषमा, ज्योति शुक्ला, प्रियंका (भारतीय रेलवे), सोनिका, आशा (हरियाणा), पूजा कंवर (राजस्थान)। कोच एम.कार्तिकेयन, सचिन चौधरी, प्रवीण कुमार सिंह, मनीषा, अतनु मजूमदार हैं।

कानपुर हैंडबॉल संघ ने बांटी मिठाई
कानपुर हैंडबॉल संघ ने शहर की बेटी को भारतीय टीम की कमान सौंपने पर खुशी जाहिर करते हुए लोगों का मुंह मीठा कराया। साथ ही भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन उम्मीद जताई और खिलाड़ियों को शुभाकामनाएं दीं। इस अवसर पर साधना मिश्रा, आशा बक्सर, रमाकांती जी, विपिन कुमार, हरबंश सिंह, अनुज सिंह, विनीता, मनीषा सोनकर आदि रहे।

चोट ने दिया सपना को जोरदार झटका
शहर की उभरती शानदार खिलाड़ी सपना कश्यप को उसकी चोट ने ही जोरदार झटका दिया। सूत्रों की माने तो सपना का प्रदर्शन देखते हुए सभी को उम्मीद थी उसका चयन भारतीय टीम में जरूर होगा, लेकिन उसकी चोट ही इसमें रोड़ा बन गई। इस मौके पर सीनियर खिलाड़ियों ने उसका हौसला बढ़ाया। कहा, अभी निराश होने की जरूरत नहीं है, तुमको अभी बहुत मौके मिलेंगी। तुम अभी अपनी चोट से उबरने पर फोकस करो।

Leave a Comment