खेलो इंडिया में दम दिखाने को तैयार कानपुर की बेटियां, सेपक टकरॉ राज्य चैंपियनशिप में करेंगी प्रतिभाग

 

 

  • 27 से 29 नवंबर तक बरेली के साई सेंटर में होगा मुकाबला, सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग की खिलाड़ी लेंगी हिस्सा
  • राज्य चैंपियनशिप के प्रदर्शन के आधार पर होगा 8वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026 के लिए यूपी टीम का चयन

 

कानपुर, 16 नवंबर।

खेलो इंडिया अभियान के तहत महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उनकी खेल प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में कानपुर की बेटियां एक नई चुनौती के लिए तैयार हैं। शहर की बालिका टीम ASMITA Women’s Khelo India State Sepaktakraw Championship 2026 में प्रतिभाग करेगी। प्रतियोगिता का आयोजन 27 से 29 नवंबर तक साई सेंटर, बरेली में किया जाएगा।

तीन आयु वर्गों में होगा मुकाबला

उत्तर प्रदेश सेपक टकरॉ एसोसिएशन की ओर से जारी आधिकारिक सर्कुलर के अनुसार प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग की खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। इसमें रेगू एवं क्वाड्रेंट इवेंट आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश की सभी संबद्ध जिला एसोसिएशनों को अपनी टीमों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स में चयन का मिलेगा अवसर

इस राज्य स्तरीय चैंपियनशिप का महत्व इसलिए भी बढ़ गया है, क्योंकि यहां खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर 8वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026 के लिए उत्तर प्रदेश की टीम का चयन किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता 11 से 22 दिसंबर 2026 तक तेलंगाना में प्रस्तावित है। ऐसे में बरेली में होने वाली चैंपियनशिप खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा साबित करने और राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का महत्वपूर्ण अवसर होगी।

बालिका खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देगा एसोसिएशन

कानपुर सेपक टकरॉ एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित शुक्ला ने कहा कि यह प्रतियोगिता कानपुर की बालिकाओं के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और राज्य स्तर पर पहचान बनाने का सुनहरा अवसर है। एसोसिएशन का प्रयास है कि अधिक से अधिक बालिकाएं सेपक टकरॉ खेल से जुड़ें और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कानपुर तथा उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करें।

उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एसोसिएशन की ओर से उन्हें हरसंभव सहयोग और प्रोत्साहन प्रदान किया जाएगा। एसोसिएशन को उम्मीद है कि कानपुर की बेटियां प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाएंगी और खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026 में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर हासिल करेंगी।

Leave a Comment