प्रदेशीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में कानपुर मंडल का शानदार प्रदर्शन, 19 पदक किए हासिल

 

 

  • 4 स्वर्ण, 4 रजत और 11 कांस्य पदक जीतकर खिलाड़ियों ने बढ़ाया मंडल का गौरव

 

कानपुर, 7 अक्टूबर।

70वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता-2026 में कानपुर मंडल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 19 पदक अपने नाम किए। मुरारी इंटरमीडिएट कॉलेज, सहजनवां, गोरखपुर में 3 से 7 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिता में कानपुर मंडल के खिलाड़ियों ने 4 स्वर्ण, 4 रजत और 11 कांस्य पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया।

बालक वर्ग के अंडर-14 में देवांश जायसवाल ने स्वर्ण, अरुण कुमार ने रजत और आयुष वर्मा ने कांस्य पदक जीता। अंडर-17 वर्ग में आदित्य सिंह ने स्वर्ण, राजीव ने रजत तथा निहाल श्रीवास्तव, अरव पाल और शिवेंद्र ने कांस्य पदक हासिल किए। अंडर-19 वर्ग में धर्मवीर ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि अविरल पाठक और नकुल ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

बालिका वर्ग में भी कानपुर मंडल की खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा। अंडर-17 में ज्ञानवी सैनी (-59 किग्रा.) ने स्वर्ण, अनन्या साहू (-52 किग्रा.) ने रजत तथा सानिया अंसारी (-38 किग्रा.), ज्योति (-32 किग्रा.), संस्कृति (-63 किग्रा.) और सृष्टि गुप्ता (+68 किग्रा.) ने कांस्य पदक जीते। अंडर-19 वर्ग में रितिका सैनी (-40 किग्रा.) ने रजत और नव्या गुप्ता (-46 किग्रा.) ने कांस्य पदक हासिल किया।

कानपुर मंडल की टीम के कोच अविचल पाठक रहे। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने अनुशासन, मेहनत और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

मंडल सचिव अनुराग मिश्रा और जनपद सचिव सत्य प्रकाश तिवारी ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, कोच और टीम से जुड़े सदस्यों को बधाई दी। प्रधानाचार्य एवं संयोजक मोहित दुबे ने भी पूरी टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है। कानपुर मंडल के खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन अन्य खिलाड़ियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।

 

Leave a Comment