शीलिंग हाउस में CISCE की सातवीं राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

 

 

  • 9 से 11 अक्टूबर तक होगी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता, U-14, U-17 और U-19 वर्ग में देशभर के 450 से अधिक खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

 

कानपुर, 8 अक्टूबर।

शीलिंग हाउस विद्यालय में CISCE की सातवीं राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन समारोह गुरुवार को आयोजित किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन 9 से 11 अक्टूबर 2026 तक बालक एवं बालिका वर्ग के U-14, U-17 और U-19 आयु वर्ग में किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों से 450 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ

उद्घाटन समारोह का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन श्री परवेज एफ. रूस्तमजी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर वाइस चेयरमैन श्री एस.के. धवन, श्रीमती शर्मिला नंदी, प्रधानाचार्या श्रीमती वनिता मेहरोत्रा, उप-प्रधानाचार्या श्रीमती अलका माली तथा दि शीलिंगाइट्स की प्रधानाचार्या डॉ. हिमानी बक्शी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

प्रधानाचार्या वनिता मेहरोत्रा ने सभी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रतिभागियों को पूरी प्रतियोगिता के दौरान अनुशासन और सच्ची खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करने के लिए प्रेरित किया।

देशभर से पहुंचीं टीमें

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, बिहार-झारखंड, छत्तीसगढ़, कर्नाटक-गोवा, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, नॉर्थ बंगाल-नॉर्थ ईस्ट, नॉर्थ इंडिया, नॉर्थ वेस्ट, ओडिशा, ओवरसीज (UAE), तमिलनाडु-पुडुचेरी-एएनआई, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और वेस्ट बंगाल समेत विभिन्न क्षेत्रों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता FIDE और AICF (All India Chess Federation) के निर्धारित नियमों के अनुसार आयोजित की जा रही है।

ईश वंदना से लेकर लाइट एंड साउंड शो ने बांधा समां

उद्घाटन समारोह में विद्यालय के विद्यार्थियों ने ईश वंदना और दुर्गा स्तुति की मनोहारी प्रस्तुति दी। इसके बाद आयोजित Light and Sound Show के माध्यम से कानपुर के समृद्ध और गौरवशाली इतिहास को जीवंत किया गया। प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके पश्चात प्रतियोगिता के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा की गई। छात्र-छात्राओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों से समारोह में रंग भर दिया।

‘हाट’ में दिखी उत्तर प्रदेश की समृद्ध विरासत

समारोह का मुख्य आकर्षण उत्तर प्रदेश की कला, संस्कृति, परंपरा और विरासत पर आधारित ‘हाट’ की शानदार प्रस्तुति रही। इसमें लखनऊ की प्रसिद्ध चिकनकारी, बनारस की पारंपरिक बनारसी सिल्क और प्रदेश के विभिन्न लोक नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां देखने को मिलीं।

मंगल पांडे से लक्ष्मीबाई और आजाद तक की झलक

विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मंगल पांडे, रानी लक्ष्मीबाई और चंद्रशेखर आजाद की वेशभूषा में प्रभावशाली प्रस्तुतियां देकर देशभक्ति का संदेश दिया। वहीं महादेवी वर्मा और कबीरदास की भावपूर्ण एवं प्रेरणादायी पंक्तियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने हिंदी साहित्य की समृद्ध परंपरा को भी प्रस्तुत किया।

जे.के. मंदिर की झांकी ने मोहा मन

उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को भी ‘हाट’ में विशेष स्थान दिया गया। कानपुर के प्रसिद्ध जे.के. मंदिर की भव्य झांकी में राधा-कृष्ण की रासलीला का जीवंत चित्रण किया गया। रंग-बिरंगी प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को प्रदेश की विविधतापूर्ण संस्कृति और गौरवशाली विरासत से रूबरू कराया।

समारोह के अंत में राष्ट्रगान के साथ उद्घाटन कार्यक्रम का समापन हुआ। इसके साथ ही देशभर से आए युवा शतरंज खिलाड़ियों के बीच अगले तीन दिनों तक होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा का औपचारिक आगाज हुआ।

 

Leave a Comment