- यूनाइटेड चैंपियंस लीग-समर स्पेशल के खिताबी मुकाबले का फैसला आखिरी ओवर में, आदित्य शर्मा और अक्षय रहे जीत के नायक
- ऑरेंज आर्मी के 174 रनों के लक्ष्य को जेबीके 11 ने 19.2 ओवर में किया हासिल, सत्यम के 4 विकेट भी नहीं बचा सके टीम की लाज
कानपुर, 1 जून।
यूनाइटेड चैंपियंस लीग (यूसीएल) समर स्पेशल के रोमांचक फाइनल मुकाबले में जेबीके 11 ने ऑरेंज आर्मी को 3 विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। जेम क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए इस मुकाबले का फैसला अंतिम ओवर में हुआ, जिससे दर्शकों को अंत तक रोमांच का भरपूर आनंद मिला।
टॉस जीतकर जेबीके 11 के कप्तान राहुल त्रिवेदी ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी ऑरेंज आर्मी की शुरुआत खराब रही और सलामी बल्लेबाज हिमांशु बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद शरिल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों पर 58 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। देवदीप सिंह ने 21 गेंदों पर 37 रन तथा हिमांशु शुक्ला ने 29 रनों का योगदान देकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। निर्धारित 20 ओवर में ऑरेंज आर्मी ने 8 विकेट पर 174 रन बनाए।
जेबीके 11 की ओर से अक्षय ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में मात्र 13 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके और विपक्षी टीम की रनगति पर अंकुश लगाया। जतिन ने भी एक विकेट हासिल किया।
175 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेबीके 11 की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही, लेकिन आदित्य शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में 44 रन बनाकर मैच का रुख बदल दिया। कप्तान राहुल त्रिवेदी ने 22 रन, अजय पांडे ने 21 रन और कोको क्लार्क ने 31 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। अंत में अरुणेंद्र ने 21 गेंदों पर नाबाद 22 रन और हिमांशु ने 5 गेंदों पर नाबाद 8 रन बनाकर टीम को 19.2 ओवर में 177 रन तक पहुंचाते हुए शानदार जीत दिला दी।
ऑरेंज आर्मी की ओर से सत्यम ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में मात्र 16 रन देकर 4 विकेट लिए। अंशुल टेक चंदानी ने 2 विकेट हासिल किए, लेकिन उनकी मेहनत टीम को जीत नहीं दिला सकी।
मैच में अंपायर की भूमिका आनंद तिवारी और नितिन तिवारी ने निभाई, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी राधे यादव और नितिन तिवारी ने संभाली। मुकाबले का आंखों देखा हाल कमेंटेटर अभिनव ने प्रस्तुत किया।