प्रथम रागेंद्र स्वरूप बैडमिंटन टूर्नामेंट में युवा खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

 

 

 

  • दूसरे राउंड के मुकाबलों में रोमांचक जीतों का सिलसिला, 26 जुलाई को होंगे क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल

 

कानपुर, 25 जुलाई।

कानपुर बैडमिंटन एसोसिएशन (केबीए) के सहयोग से रागेंद्र स्वरूप स्पोर्ट्स अकादमी, कल्याणपुर में आयोजित प्रथम रागेंद्र स्वरूप अंडर-15, अंडर-17 एवं अंडर-19 बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे राउंड के मुकाबलों में युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 25 से 27 जुलाई तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अनुशासित खेल, बेहतरीन तकनीक और जुझारूपन का परिचय देते हुए अगले दौर में जगह बनाई।

पदाधिकारियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

प्रतियोगिता के दौरान कानपुर बैडमिंटन एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट महीप सक्सेना, एक्जीक्यूटिव सेक्रेटरी आशुतोष सत्यम झा, ज्वाइंट सेक्रेटरी सौरभ श्रीवास्तव एवं मनीष सिंघल, चीफ रेफरी रवि कुमार दीक्षित, विजय कुमार दीक्षित, आर.पी. सिंह, अतुल कनौजिया, करुणेश सिंह, राकेश गौर, सत्यम कटियार, आयुष पटेल, अमृतांश तिवारी और निखिल पाल मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

अंडर-15 में रोमांचक मुकाबले

अंडर-15 बालक एकल वर्ग में जय राज वरयाणी, आर्यमन, विराज, अर्णव सिंह, प्रखर जैन, आदित्य मिश्रा, कृष और वैभव ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। वहीं अन्य मुकाबलों में हमाद खान, श्रेयांश पांडे, हरकेरत सिंह, रुशांक मल्होत्रा (वॉकओवर), नचिकेत, समर्थ वर्मा, अर्णव और शौर्य वर्धन ने शानदार जीत दर्ज की। शौर्य वर्धन और शशांक तिवारी के बीच मुकाबला सबसे रोमांचक रहा, जिसमें शौर्य ने 30-28 से जीत हासिल की।

अंडर-19 में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दम

अंडर-19 बालक एकल वर्ग में कृषव जालू, आयुष कुमार, देवांश पाहवा (वॉकओवर), अभिराय, अनिरुद्ध गौर, प्रखर मौर्य और अर्जुन सिंह ने जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई। कई मुकाबलों में खिलाड़ियों ने संघर्षपूर्ण खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

आज होंगे क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल

आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल एवं सेमीफाइनल मुकाबले 26 जुलाई को खेले जाएंगे, जबकि 27 जुलाई को फाइनल मुकाबलों के साथ विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा। कानपुर बैडमिंटन एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

Leave a Comment