- नेतृत्व, अनुशासन और सेवा भावना का दिया संदेश, स्कूल कैप्टन आशुतोष सिंह व अवनी शुक्ला ने संभाली कमान
कानपुर, 31 जुलाई।
विन्यास पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को छात्र परिषद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का इन्वेस्टिचर समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सेवा भावना एवं जिम्मेदारी की भावना का विकास करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में नवनिर्वाचित छात्र परिषद के पदाधिकारियों को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कराया गया। प्रधानाचार्या श्रीमती शयला वली ने स्कूल कैप्टन (बालक) आशुतोष सिंह एवं स्कूल कैप्टन (बालिका) अवनी शुक्ला को बैज पहनाकर नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी। वहीं स्कूल वाइस कैप्टन (बालक) यशवंत यादव एवं स्कूल वाइस कैप्टन (बालिका) नंदिनी वर्मा सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

छात्र परिषद में स्पोर्ट्स कैप्टन मानस तिवारी, स्पोर्ट्स वाइस कैप्टन सोनाक्षी सिंह, सांस्कृतिक प्रमुख अर्पित अग्निहोत्री, उप-सांस्कृतिक प्रमुख आल्या सिंह, तकनीकी प्रमुख मयंक यादव, उप-तकनीकी प्रमुख मुशाहिद राजा, साक्षरता प्रमुख अथर्व गुप्ता, उप-साक्षरता प्रमुख अद्या तिवारी, अनुशासन प्रभारी प्रतीक तिवारी तथा उप-अनुशासन प्रभारी पलक यादव ने अपने-अपने दायित्व ग्रहण किए। इसके साथ ही चारों सदनों के कैप्टन एवं उप-कैप्टन ने भी शपथ लेकर अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।

प्रधानाचार्या श्रीमती शयला वली ने अपने संबोधन में कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने का नाम नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, अनुशासन और दूसरों के लिए प्रेरणा बनने का अवसर है। उन्होंने छात्र नेताओं से विद्यालय की गरिमा एवं परंपराओं को बनाए रखते हुए पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। विद्यालय के प्रबंधक श्री वरुण कटियार ने नवनिर्वाचित छात्र परिषद को शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

समारोह के दौरान विभिन्न सदनों के विद्यार्थियों ने अपने-अपने कैप्टन एवं उप-कैप्टन का जोरदार स्वागत किया। अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।