डी स्पोर्ट्स हब में सब-जूनियर और कैडेट वर्ग के मुकाबले शुरू, प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
कानपुर।
कानपुर के आर्य नगर स्थित डी स्पोर्ट्स हब में उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो चैंपियनशिप का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ।चैंपियनशिप के पहले दिन सब-जूनियर और कैडेट वर्ग के मुकाबले आयोजित किए गए।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. श्याम बाबू गुप्ता एवं विशिष्ट अतिथियों डॉ. उमेश पालीवाल, श्री राघवेंद्र गर्ग और श्री प्रमीत अग्रवाल द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। सब-जूनियर बॉयज अंडर 29 किग्रा वर्ग में मोहम्मद जैद (बिजनौर) ने स्वर्ण पदक, नितिन (गाजीपुर) ने रजत तथा जेड मोहम्मद (बागपत) और ध्रुव (आगरा) ने कांस्य पदक प्राप्त किए। वहीं गर्ल्स अंडर 20 किग्रा वर्ग में देवांशी गुप्ता (आगरा) ने स्वर्ण, माणिक वर्मा (कानपुर) ने रजत और अनिका गुप्ता (लखनऊ) ने कांस्य पदक जीता।
इसके अलावा विभिन्न वर्गों में देशप्रीत कौर (लखनऊ), लक्ष्य सैनी (जालौन), हर्ष प्रताप (गाजीपुर), शौर्य वर्मा (बरेली), वैभव (कानपुर), कर्तव्य रावत (जीबी नगर), अरिहंत प्रताप (लखनऊ) और देवासी रघुवंशी (मुरादाबाद) सहित कई खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक हासिल कर अपने-अपने जिलों का नाम रोशन किया।
सचिव तुशाल साहनी ने किया स्वागत
कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति के सचिव तुशाल साहनी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि यह मंच युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का सुनहरा अवसर प्रदान करता है।
खेल भावना के साथ सफल आगाज
प्रतियोगिता का आयोजन अनुशासन और खेल भावना के साथ सफलतापूर्वक शुरू हुआ। आयोजकों का कहना है कि यह चैंपियनशिप प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।